स्कूटी की चाबी देने से मना करने पर नाबालिग पर ब्लेड से वार, आरोपी गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिले में अपराधों पर त्वरित कार्यवाही करने तथा आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में थाना कुरूद पुलिस द्वारा ब्लेड से हमला करने के मामले में तत्काल कार्यवाही करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
प्रार्थी कंशु राम साहू,निवासी ग्राम बिरेतरा, थाना कुरूद द्वारा थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि 9 अगस्त को उनका नाबालिग पुत्र गांव के स्कूल के सामने स्थित गार्डन में बैठा था। इसी दौरान गांव का नंदलाल उर्फ नंदु ध्रुव वहां पहुंचा और उसकी मेस्ट्रो स्कूटी की चाबी मांगने लगा।
चाबी देने से मना करने पर आरोपी ने नाबालिग युवक से अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा अपने पास रखे धारदार ब्लेड से उसके बाएं हाथ की कलाई पर वार कर दिया, जिससे उसे चोट आई और खून निकलने लगा।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 245/2026, धारा 296(ख), 118(1), 351(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कुरूद पुलिस टीम द्वारा आरोपी नंदलाल उर्फ नंदु ध्रुव पिता रामजी ध्रुव, उम्र 20 वर्ष, निवासी बिरेतरा, थाना कुरूद, जिला धमतरी की पतासाजी कर उसे हिरासत में लिया गया।विवेचना के दौरान आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार ब्लेड को गवाहों की उपस्थिति में विधिवत जप्त किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा गया है।
