आला हजरत इमाम अहमद रजा खां का उर्स शानो शौकत से मनाया गया
जामा मस्जिद मैदान में हुई नूरानी तकरीर

धमतरी। आला हजरत इमाम अहमद रजा खां फाजिले बरेलवी का सालाना उर्स धमतरी में पूरे अकीदत और शानो शौकत के साथ मनाया गया। इस मौके पर मस्जिदों में कुल शरीफ की फातिहा हुई। रात में जामा मस्जिद ग्राउण्ड में नवादा बिहार के हजरत नोमान अख्तर फाइकुल जमाली की नूरानी तकरीर हुई। साथ ही 3 प्रतिभावान विद्यार्थियों को आला हजरत अवार्ड 2026 से नवाजा गया। यह कार्यक्रम रजा फाउंडेशन धमतरी के जानिब से हुआ। सोमवार को जामा मस्जिद ग्राउण्ड में नूरानी तकरीर आयोजित हुई। मुकर्रिर हजरत नोमान अख्तर फाइकुल जमाली थे। जलसे की सदारत जामा मस्जिद के इमाम मौलाना रहमानी रजा मिसबाही ने की। संचालन हनफिया मस्जिद के इमाम मुफ्ती तौहीद रजा ने किया। नातेपाक शब्बीर रजा, हाजी अकरम खत्री और मोहम्मद अफजाल अशरफी ने पेश किया। जिससे माहौल बन गया। इस मौके पर अपनी नूरानी तकरीर में हजरत नोमान अख्तर फाइकुल जमाली ने आला हजरत और बरेली खानवादे द्वारा इस्लाम की हिफाजत और दीन को फैलाने में किए गए उनके योगदान पर तफसील से बात रखी। उन्होंने आला हजरत की शख्सियत पर विस्तार से जानकारी दी। जलसे में मुफ्ती जुबैर अहमद, हाफिज तौहीद आलम समेत अनेक हाफिज, मोअज्जन मंच पर मौजूद थे। रजा फाउंडेशन के अध्यक्ष मोहम्मद आजम रिजवी, दिलावर रोकडिय़ा, मोहम्मद शाह अहमद, अब्दुल रशीद खत्री समेत अन्य ने जलसे में मौजूद मेहमानों का इस्तकबाल किया।
आला हजरत अवार्ड से नवाजा गया
इस मौके पर मुस्लिम समाज के तीन प्रतिभावान विद्यार्थियों को आला हजरत अवार्ड 2026 से नवाजा गया। जिनमें विश्वविद्यालय रायपुर कॉमर्स विषय में पहला मुकाम हासिल करने पर गोल्ड मेडलिस्ट उज्मा चौहान बिन्त नजरूद्दीन चौहान रायपुर, अहमद रजा चौहान इब्न सईद चौहान धमतरी को नीट इम्तिहान में कामयाब होने पर और काफिया शेख बिन्त मरहुम बाबा भाई रिसाईपारा धमतरी को 10वीं, 11वीं में मेरिट स्थान बनाने पर अवार्ड से सम्मानित किया गया।
दोपहर में हुई कुल की फातिहा
उर्स आला हजरत के मुबारक मौके पर सोमवार को जामा मस्जिद, मदीना मस्जिद व अन्य मस्जिदों में बाद नमाज जोहर 2:38 बजे कुल की फातिहा हुई। जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। इस दौरान लोगों की खुशहाली, अमन शांति के लिए अल्लाह की बारगाह में दुआ मांगी गई।