घर से स्वादिष्ट भोजन बनाकर लाए भूमिका-हर्षित, सार्थक के विशेष बच्चों के साथ बांटी खुशियां

शहर के प्रतिष्ठित स्व. जयेश भाई गांधी एवं श्रीमती लता गांधी परिवार के हर्षित गांधी एवं भूमिका गांधी अपने परिवार के वरिष्ठजनों के साथ सार्थक विद्यालय पहुंचे और विशेष बच्चों के साथ आत्मीयता से समय बिताया। परिवार द्वारा घर में तैयार किया गया स्वादिष्ट भोजन बच्चों को प्रेमपूर्वक कराया गया। नन्हे तक्ष को अपने बीच पाकर बच्चे भी बेहद उत्साहित नजर आए और सभी ने साथ बैठकर भोजन का आनंद लिया। इस अवसर पर गांधी परिवार ने बच्चों को पेंसिल, स्केल एवं रबर के सेट भेंट किए। साथ ही सार्थक विद्यालय को सहयोग राशि प्रदान करने के साथ आगामी स्वतंत्रता दिवस उत्सव के लिए सजावट की सुंदर सामग्री भी भेंट की। उपहार पाकर बच्चों ने खुशी व्यक्त की और अतिथियों को धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम में सार्थक के बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन जीत लिया। तालियों की गड़गड़ाहट के साथ अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। नन्हे तक्ष ने भी अपने विद्यालय की कविता सुनाकर सभी को आनंदित किया। इस अवसर पर तक्ष के बड़े दादा प्रकाश गांधी, बड़ी दादी प्रिया गांधी एवं दादी लता गांधी सहित परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों को स्नेह एवं आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।लता गांधी ने बताया कि उनके पोते तक्ष के चौथे जन्मदिन की खुशियों को सार्थक के विशेष बच्चों के साथ साझा करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ खुशियां बांटने से जन्मदिन की खुशी और भी यादगार बन गई। प्रकाश गांधी ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए भविष्य में भी सार्थक की आवश्यकताओं में सहयोग का आश्वासन दिया। भूमिका गांधी ने कहा कि बच्चों के साथ खुशियां साझा कर उनका परिवार बेहद आनंदित है और यह जन्मदिन उनके लिए अविस्मरणीय रहेगा। हर्षित गांधी ने कहा कि सभी को ऐसे सेवा कार्यों से जुड़कर विशेष बच्चों का उत्साह बढ़ाना चाहिए।सार्थक की सचिव स्नेहा राठौड़ ने कहा कि ऐसे आयोजन विशेष बच्चों के लिए व्यवहारिक एवं सामाजिक शिक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। साथ बैठकर भोजन करना, विभिन्न स्वादों को पहचानना, अपनी बारी का इंतजार करना और सामाजिक व्यवहार सीखना बच्चों के विकास का हिस्सा है। उन्होंने गांधी परिवार के स्नेह एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर सार्थक की सहसचिव वंदना मिराणी, कार्यकारिणी सदस्य प्रतिभा अग्रवाल प्रफुल्ला गांधी, छाया गांधी, योगेश गांधी, मनीषा झवेरी, उत्कर्ष गांधी, प्रियंक गांधी, निमेश झवेरी सुभाष मलिक, प्रशिक्षक मैथिली गोड़े, देविका दीवान, कौशिल्या यादव, काजल रजक, सुनैना गोड़े एवं पालक प्रेमबती साहू, सविता शेख, शकुंतला सोनी उपस्थित थे।
