Uncategorized

निगम कार्यालय के सामने मांगों को लेकर दूसरे दिन भी भूख हड़ताल पर डटे वार्डवासी, कांग्रेस नेताओं ने जताया समर्थन


धमतरी। अधारी नवागांव वार्डवासियों द्वारा तीन सूत्रीय मांगों को लेकर शुरू की गई दो दिवसीय भूख हड़ताल के दूसरे दिन भी वार्डवासी धरने पर बैठे रहे। निगम प्रशासन के खिलाफ अपनी मांगों जर्जर सड़को, जल निकासी व सफाई व्यवस्था की समस्याओं को लेकर वार्डवासियों ने भूख हड़ताल जारी रखते हुए समस्याओं के निराकरण की मांग की। प्रदर्शनकारियों को कांग्रेस का भी भरपूर समर्थन मिला। भूख हड़ताल के दूसरे दिन कांग्रेस के कई नेता एवं कार्यकर्ता धरना स्थल पर पहुंचे और वार्डवासियों की मांगों का समर्थन करते हुए उनके आंदोलन में सहभागिता की। इस दौरान निगम नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर, निगम उप नेता प्रतिपक्ष विशु देवांगन, सूरज गरेवाल, योगेश लाल, ब्लॉक अध्यक्ष गौतम वाधवानी, योगेश शर्मा, पूर्व पार्षद राजेश पांडे, विजय गोलछा, नरेंद्र सोनवानी, राजा देवांगन, संजू साहू, साहिल अहमद, गीतराम सिन्हा, रियाज अहमद, शकील अहमद गुड्डा, अंबर चंद्राकर, पिंटू खान, योगेंद्र एवं शिव नवरंग सहित अन्य लोग धरना स्थल पर मौजूद रहे।
आंदोलनकारी संजू साहू व साहिल अहमद का कहना है कि मूलभूत सुविधाएं प्रत्येक नागरिक का अधिकार हैं। संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को वार्ड की समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए जल्द से जल्द ठोस कार्रवाई करनी चाहिए। भूख हड़ताल के दूसरे दिन भी आंदोलन जारी है। मांग है कि वार्ड की समस्याओं का स्थल निरीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए और किए गए कार्यों की स्पष्ट जानकारी वार्डवासियों को दी जाए। वार्ड की मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष जारी रहेगा, जब तक समस्याओं का उचित समाधान नहीं होता। वार्डवासियों ने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के निराकरण की मांग की जा रही है। इसके बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें भूख हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा है। आंदोलनकारियों ने निगम प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द समाधान की दिशा में ठोस पहल करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने वार्डवासियों को समर्थन देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का निराकरण करना स्थानीय प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने मांगों को जायज बताते हुए वार्डवासियों की आवाज को मजबूती से उठाने की बात कही। आंदोलन के दूसरे दिन बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी से धरना स्थल पर माहौल गरमाया रहा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!