उप जेल के सामने रील बनाने वाले दो युवकों पर तत्काल कार्यवाही, भेजा गया जेल
संवेदनशील एवं सुरक्षा क्षेत्र में रील बनाकर माहौल प्रभावित करने वालों पर धमतरी पुलिस की सख्ती

धमतरी पुलिस द्वारा संवेदनशील एवं सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों पर अनुशासन एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश पर आज 20 अगस्त 2026 को थाना सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा उप जेल धमतरी के सामने सार्वजनिक रूप से रील बनाने वाले दो युवकों के विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्यवाही की गई।
पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि जिला जेल/उप जेल धमतरी के मुख्य द्वार के समीप दो युवक मोबाइल से रील बना रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस टीम द्वारा उन्हें उप जेल क्षेत्र की संवेदनशीलता एवं सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में समझाइश दी गई तथा वहां रील नहीं बनाने के लिए कहा गया। इसके बावजूद दोनों युवक आम जगह पर लोगों की आवाजाही एवं सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावित करते हुए रील बनाते पाए गए।
पुलिस द्वारा उक्त कृत्य को गंभीरता से लेते हुए शेख आसिफ पिता शेख अजीम, 20 वर्ष, निवासी महंत घासीदास वार्ड, धमतरी एवं जसवंत सिंह हिरा पिता जसविंदर सिंह हिरा, 23 वर्ष, निवासी सुंदरगंज वार्ड, धमतरी के विरुद्ध धारा 170/126, 135 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करते हुए तत्काल गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया तथा गिरफ्तारी की सूचना उनके परिजनों को दी गई।
धमतरी पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि जेल, न्यायालय, पुलिस कार्यालय एवं अन्य संवेदनशील/सुरक्षा संबंधी स्थानों के आसपास अनावश्यक रूप से वीडियो या रील बनाकर सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावित न करें।
सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने के उत्साह में किसी भी संवेदनशील स्थान की सुरक्षा एवं सार्वजनिक व्यवस्था से समझौता न करें।
धमतरी पुलिस सुरक्षा, अनुशासन एवं कानून-व्यवस्था के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित करने वाले कृत्यों पर तत्काल वैधानिक कार्यवाही जारी रहेगी।

