संत रविदास जी की 650वीं जयंती पर कुरूद में भव्य कलश यात्रा का हुआ स्वागत

कुरूद। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती देशभर में श्रद्धा, सम्मान और ऐतिहासिक उत्साह के साथ मनाई जा रही है। इसी क्रम में रविवार को धमतरी से कुरूद मंडल और सिर्री मंडल की पवित्र कलश यात्रा बाबा बैद्यनाथ मंदिर, कुरूद पहुंची, जहां भाजपा नेताओं, बोल बम सेवा समिति के पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने दोनों कलशों का पारंपरिक विधि-विधान और जयघोष के बीच भव्य स्वागत किया।
मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इसके बाद दोनों कलशों को मंदिर के पूजा स्थल पर आम श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए स्थापित किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने संत रविदास जी को नमन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
आयोजकों ने बताया कि दर्शन के उपरांत इन कलशों को कुरूद क्षेत्र के प्रत्येक गांव में श्रद्धापूर्वक भ्रमण कराया जाएगा। यात्रा के दौरान विभिन्न मंदिरों और देवस्थलों में पूजन-अर्चना कर संत रविदास जी की 650वीं जयंती को जन-जन तक पहुंचाने और इसे अविस्मरणीय बनाने का प्रयास किया जाएगा। समापन के बाद कलशों को पुनः सम्मानपूर्वक उनके गंतव्य के लिए रवाना किया जाएगा।
इस अवसर पर बोल बम सेवा समिति के अध्यक्ष भानु चन्द्राकर एवं कुरूद नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति भानु चन्द्राकर ने समस्त श्रद्धालुओं को संत रविदास जी की 650वीं जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए समाज में समरसता, समानता और भाईचारे के उनके संदेश को अपनाने का आह्वान किया।
