महापौर रामू रोहरा ने रक्षाबंधन पर दी शुभकामनाएं, भाई-बहन के अटूट प्रेम और सामाजिक सौहार्द का दिया संदेश

धमतरी। पवित्र और पावन पर्व रक्षाबंधन के अवसर पर नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा ने समस्त धमतरी शहर एवं क्षेत्रवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। उन्होंने इस पावन अवसर पर सभी नागरिकों की सुख, शांति, समृद्धि और निरोगी जीवन की कामना की है। महापौर रामू रोहरा ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि रक्षाबंधन केवल सूत का धागा बांधने का त्योहार नहीं है, बल्कि यह भाई-बहन के पवित्र रिश्ते, अटूट प्रेम, अटूट विश्वास और समर्पण का जीवंत प्रतीक है। यह पर्व भारतीय संस्कृति की उस महान परंपरा को दर्शाता है, जहाँ रिश्तों की मर्यादा, सुरक्षा का वचन और एक-दूसरे के प्रति सम्मान सर्वोपरि माना गया है। महापौर रोहरा ने कहा कि रक्षाबंधन का त्यौहार पारिवारिक सीमाओं से परे जाकर संपूर्ण समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य करता है। यह पर्व हमें यह सिखाता है कि हम आपस में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना को सदैव बनाए रखें। आज के समय में जब सामाजिक ताने-बाने को मजबूत करने की आवश्यकता है, ऐसे में यह पावन पर्व हमें आपस में मिल-जुलकर रहने और एक-दूसरे का संबल बनने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि शहर के विकास और खुशहाली के लिए आवश्यक है कि समाज का प्रत्येक नागरिक एक-दूसरे के प्रति सम्मान और सहयोग का भाव रखे। रक्षाबंधन का यह त्यौहार परिवार के साथ-साथ पूरे धमतरी शहर में प्रेम, सौहार्द और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेगा।
बहनों की सुरक्षा और सम्मान का लिया संकल्प
महापौर ने कहा कि रक्षाबंधन का दिन बहनों के प्रति अपने दायित्वों को याद करने का दिन है। प्रत्येक भाई का यह परम कर्तव्य है कि वह अपनी बहन की रक्षा, सुरक्षा और उसके अधिकारों का सदैव सम्मान करे। आज की नारी समाज के हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही है, इसलिए हमें एक ऐसे सुरक्षित और समृद्ध वातावरण का निर्माण करना होगा जहाँ हमारी बहनें और बेटियां आत्मनिर्भर होकर सम्मान के साथ आगे बढ़ सकें।

