तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मासूम को रौंदा, दर्दनाक मौत के बाद भड़का ग्रामीणों का गुस्सा

ट्रैक्टर में लगाई आग, चालक की पिटाई, बस स्टैंड पर घंटों चक्काजाम; कुरुद के नारी गांव में दुर्घटना के तनावपूर्ण माहौल
कुरूद (धमतरी)। धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र के नारी गांव में शुक्रवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रैक्टर में आग लगा दी, चालक की जमकर पिटाई कर दी और गांव के बस स्टैंड के पास चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज गति से आ रहा ट्रैक्टर मासूम को कुचलते हुए निकल गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और चालक को पकड़ लिया। आक्रोशित भीड़ ने ट्रैक्टर को आग के हवाले कर दिया और चालक की पिटाई कर दी।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही कुरूद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराने और स्थिति को नियंत्रित करने में घंटों मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयास के बाद पुलिस ने घायल चालक को भीड़ से सुरक्षित निकालकर कुरूद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
बस स्टैंड पर लगा लंबा जाम
मासूम की मौत से नाराज ग्रामीणों ने गांव के बस स्टैंड के पास सड़क पर चक्काजाम कर दिया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात काफी देर तक प्रभावित रहा। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया।
गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात
घटना के बाद नारी गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, मासूम की मौत से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

