Uncategorized

सोशल मीडिया की ताकत से दुनिया तक पहुंचेगी धमतरी की खूबसूरती

डैम, पहाड़, मंदिर, आदिवासी संस्कृति और स्थानीय खानपान बनेंगे डिजिटल कंटेंट का हिस्सा

पर्यटन विकास के साथ युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर तलाशेगा जिला प्रशासन

धमतरी। मॉनसून क्रिएटर मीट-अप 2026 बरदिहा रिसोर्ट में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे कंटेंट क्रिएटर्स ने अपने अनुभव साझा किए और धमतरी के पर्यटन स्थलों, लोक-संस्कृति, खानपान तथा स्थानीय जीवनशैली को सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक पहचान दिलाने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया। कार्यक्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि वर्तमान समय डिजिटल और सोशल मीडिया का है। सोशल मीडिया की पहुंच और प्रभाव इतना व्यापक है कि किसी अनदेखे पर्यटन स्थल, स्थानीय कला, परंपरा अथवा प्रतिभा को प्रभावी कंटेंट के माध्यम से बहुत कम समय में देश-दुनिया के सामने पहचान दिलाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि मॉनसून क्रिएटर मीट-अप जैसे आयोजन क्रिएटर्स को आपस में सीखने, अनुभव साझा करने और नए विचारों के साथ गुणवत्तापूर्ण कंटेंट तैयार करने का अवसर प्रदान करते हैं।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि धमतरी में पर्यटन की दृष्टि से विविध और आकर्षक संभावनाएं मौजूद हैं। यहां गंगरेल और अन्य जलाशय, पहाड़ी क्षेत्र, धार्मिक स्थल, वन एवं जैव विविधता, आदिवासी संस्कृति, स्थानीय व्यंजन और ग्रामीण जीवन पर्यटकों तथा कंटेंट क्रिएटर्स के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकते हैं। इन विशेषताओं को रचनात्मक और जिम्मेदार तरीके से डिजिटल माध्यम पर प्रस्तुत कर धमतरी को पर्यटन के नए गंतव्य के रूप में स्थापित किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पर्यटन स्थलों के विकास के साथ-साथ स्थानीय युवाओं को पर्यटन आधारित रोजगार और उद्यमिता से जोडऩे पर भी विशेष ध्यान दे रहा है। पर्यटन बढऩे से होम-स्टे, स्थानीय परिवहन, गाइड, फूड एवं हस्तशिल्प, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, एडिटिंग सहित अनेक क्षेत्रों में रोजगार के अवसर सृजित हो सकते हैं। कलेक्टर ने बताया कि जिले में पर्यटन समिति का गठन किया गया है। कंटेंट क्रिएटर्स को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कुरूद में यूट्यूब रूम तैयार किया जा रहा है, जबकि धमतरी में भी इसी प्रकार की सुविधा विकसित करने की योजना है। उन्होंने कंटेंट क्रिएटर्स से अपील की कि वे पर्यटन स्थलों की सुंदरता के साथ-साथ उनकी विशिष्टता, इतिहास, स्थानीय परंपराओं और लोगों की कहानियों को भी अपने कंटेंट का हिस्सा बनाएं, ताकि पर्यटकों में धमतरी के प्रति आकर्षण के साथ यहां की संस्कृति के प्रति सम्मान भी विकसित हो। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने कहा कि जिले की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन स्थलों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!