Uncategorized

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा एवं एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में गणेश समिति एवं गणेश झांकी-विसर्जन समिति की हुई शांति समिति बैठक

गणेश झांकी एवं विसर्जन को लेकर सुरक्षा, यातायात, डीजे एवं कानून-व्यवस्था संबंधी महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी

चाकूबाजी, नशाखोरी, हुड़दंग एवं असामाजिक गतिविधियों पर रहेगी विशेष निगरानी-शांतिपूर्ण आयोजन के लिए समितियां पुलिस-प्रशासन का करें सहयोग

गणेशोत्सव, गणेश झांकी एवं विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्टर धमतरी अबिनाश मिश्रा एवं एसपी धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में पुलिस एवं जिला प्रशासन द्वारा गणेश समिति, गणेश झांकी एवं विसर्जन समिति के पदाधिकारियों के साथ शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में आगामी गणेश झांकी एवं विसर्जन के दौरान सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, डीजे एवं ध्वनि व्यवस्था तथा विसर्जन स्थल पर आवश्यक सावधानियों को लेकर समितियों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।

*झांकी एवं जुलूस के संबंध में दिये गए निर्देश*

▪️ झांकी एवं जुलूस प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्ग एवं निर्देशों के अनुरूप ही निकाला जाए।
▪️ जुलूस में चाकू, तलवार, धारदार हथियार अथवा किसी भी खतरनाक वस्तु का प्रदर्शन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
▪️ अश्लील, आपत्तिजनक अथवा किसी भी समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले नारे, गीत एवं प्रदर्शन से बचें।
▪️ जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था बाधित न हो तथा एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड एवं अन्य आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता खुला रखा जाए।
▪️ समिति के पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक भीड़ एवं व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
▪️ शराब, गांजा अथवा अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर जुलूस में शामिल न हों।
▪️ नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें।
▪️ चाकूबाजी, मारपीट, छेड़छाड़, नशाखोरी एवं हुड़दंग करने वालों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
▪️ किसी भी विवाद की स्थिति में कानून हाथ में न लें, तत्काल पुलिस को सूचित करें।
▪️ डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित समय, ध्वनि सीमा एवं प्रशासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही किया जाए।
▪️ अस्पताल, स्कूल, धार्मिक स्थल एवं अन्य संवेदनशील क्षेत्रों के आसपास अनावश्यक तेज आवाज से बचें।
▪️ डीजे वाहनों एवं झांकी के आसपास ऐसी व्यवस्था रखें, जिससे यातायात एवं आम नागरिकों की आवाजाही प्रभावित न हो।
▪️ प्रशासन द्वारा निर्धारित विसर्जन स्थल एवं मार्ग का ही उपयोग करें।
▪️ नदी, तालाब एवं अन्य जलाशयों में गहरे पानी में जाने से बचें।
▪️ बच्चों को विसर्जन स्थल पर अकेले न भेजें तथा उनकी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
▪️ ट्रैक्टर, ट्रक अथवा अन्य वाहनों में क्षमता से अधिक लोगों को न बैठाएं एवं वाहन पर खड़े होकर यात्रा न करें।
▪️ विसर्जन स्थल पर भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था में समिति के स्वयंसेवक पुलिस का सहयोग करें।
▪️ जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने के लिए प्रशासन द्वारा निर्धारित पर्यावरण-अनुकूल व्यवस्था का पालन करें।
▪️ यातायात सुरक्षा को दें प्राथमिकता
दोपहिया वाहन चालक हेलमेट एवं चारपहिया वाहन चालक सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। तेज गति, स्टंट एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने से बचें। जुलूस के दौरान सड़क पर अनावश्यक भीड़ या वाहन खड़ा कर यातायात बाधित न करें।

*धमतरी पुलिस एवं जिला प्रशासन की अपील*

धमतरी पुलिस एवं जिला प्रशासन ने सभी गणेश समितियों, आयोजकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि गणेशोत्सव आस्था, श्रद्धा, भाईचारे एवं सामाजिक सौहार्द का पर्व है। इसे शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं गरिमापूर्ण तरीके से मनाएं।
किसी भी असामाजिक तत्व को उत्सव का माहौल खराब करने का अवसर न दें। चाकूबाजी, नशाखोरी, मारपीट, छेड़छाड़, हुड़दंग अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। किसी भी परिस्थिति में कानून हाथ में न लें और पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.सी. पटेल, डीएसपी भानूप्रताप चंद्राकर, पीयूष तिवारी, नगर निगम उपायुक्त पी.सी. सार्वा, नायब तहसीलदार दुर्गेश तंवर, थाना प्रभारी कोतवाली राजेश जगत, यातायात प्रभारी खेमराज साहू सहित गणेश समिति, गणेश झांकी एवं विसर्जन समिति के पदाधिकारी तथा पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!