Uncategorized

SDRF की तत्परता से मारुति धाम में फंसे पुजारी को सुरक्षित निकाला गया

धमतरी, 26 सितंबर 2026। जिले में लगातार हो रही बारिश और जलभराव की स्थिति के बीच जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता के साथ संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में कुरुद विकासखंड के ग्राम सिरसिदा स्थित मारुति धाम में कल शाम से फंसे पुजारी को आज सुबह SDRF की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर गांव तक पहुंचाया।

बारिश के कारण आसपास के क्षेत्र में जलभराव बढ़ने से मारुति धाम तक आवागमन प्रभावित हो गया था। स्थिति की जानकारी मिलते ही प्रशासन द्वारा तत्काल राहत एवं बचाव दल को सक्रिय किया गया। SDRF के जवानों ने प्रतिकूल परिस्थितियों के बीच मौके पर पहुंचकर पूरी सावधानी एवं तत्परता के साथ रेस्क्यू अभियान संचालित किया और पुजारी को सुरक्षित बाहर निकालकर गांव तक पहुंचाया।

रेस्क्यू के दौरान टीम ने स्थानीय परिस्थितियों, जलस्तर और सुरक्षित मार्ग का आकलन करते हुए आवश्यक सावधानियां बरतीं। समय पर की गई कार्रवाई से संभावित जोखिम को टालते हुए पुजारी को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया गया।

जिला प्रशासन की आपदा प्रबंधन टीम, SDRF और स्थानीय अमले द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि जलभराव वाले क्षेत्रों, नदी-नालों और तेज बहाव वाले स्थानों पर अनावश्यक रूप से जाने से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन और राहत दल को सूचना दें।

संकट की घड़ी में त्वरित कार्रवाई, समन्वय और मानवीय संवेदनशीलता के साथ जिला प्रशासन एवं SDRF की टीमें नागरिकों की सुरक्षा के लिए लगातार सक्रिय हैं।
// पाराशर//

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!