Uncategorized

धमतरी के युवाओं, विद्यार्थियों एवं नवाचारियों को सेवा फस्र्ट इनोवेशन चैलेंज में सहभागिता का अवसर

29 सितंबर को महामाया कृषि महाविद्यालय में होगा जिला स्तरीय विशेष सत्र

धमतरी। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के युवाओं, विद्यार्थियों और नवाचारियों की रचनात्मक सोच को स्थानीय समस्याओं के समाधान से जोडऩे की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र (डीटीआईसी) के माध्यम से जिला स्तरीय शिक्षा, उद्यमिता एवं स्टार्टअप विकास कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के विभिन्न महाविद्यालयों एवं तकनीकी संस्थानों में सेवा फस्र्ट इनोवेशन चैलेंज के विशेष सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इन सत्रों के माध्यम से युवाओं को अपने नए विचारों, तकनीकी समाधानों, उत्पादों और सेवाओं को व्यापक मंच तक पहुंचाने के लिए मार्गदर्शन एवं तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इसी क्रम में 29 सितंबर 2026 को दोपहर 12 बजे महामाया कृषि महाविद्यालय, धमतरी में जिला स्तरीय विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। सत्र में प्रतिभागियों को नवाचार की पहचान, आइडिया विकसित करने, स्टार्टअप के रूप में आगे बढ़ाने, प्रभावी प्रस्तुतीकरण तथा चैलेंज में पंजीयन की प्रक्रिया के संबंध में विशेषज्ञ मार्गदर्शन दिया जाएगा।
स्थानीय समस्याओं के समाधान को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर का मंच
सेवा फस्र्ट इनोवेशन चैलेंज का उद्देश्य स्थानीय एवं सार्वजनिक समस्याओं के लिए नवाचारी समाधान, तकनीक, उत्पाद एवं सेवाओं को प्रोत्साहित करना है। चैलेंज में महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, गोवा तथा दमन एवं दीव क्षेत्र शामिल हैं। इसमें विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं एवं फैकल्टी, स्टार्टअप्स, एमएसएमईएस एवं उद्योगों, व्यक्तिगत नवाचारियों तथा सामाजिक उद्यमों एवं संस्थानों की सहभागिता की जा सकती है। विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े क्रॉस सेक्टर में इनोवेशन भी प्रस्तुत किए जा सकते हैं। चैलेंज के अंतर्गत 10 नवाचार क्षेत्रों में 50 पुरस्कार विजेता के लिए कुल 5 करोड़ रुपये के पुरस्कार का प्रावधान है। प्रत्येक विजेता के लिए 10 लाख रुपये का पुरस्कार निर्धारित है। इसके साथ ही प्रतिभागियों को क्षेत्रीय मान्यता, एक्सपोजर तथा विशेषज्ञता एवं उद्योग नेटवर्किंग जैसे अवसर भी प्राप्त होंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर 2026 निर्धारित है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!