नारी स्वयं अपने सम्मान और अधिकार की आवाज बने- मोनिका ऋषभ देवांगन
सद्भावना महिला संकुल स्तरीय संगठन दोनर की वार्षिक आम सभा एवं जेंडर सभा में महिलाओं ने उठाए सामाजिक सरोकार के मुद्दे

धमतरी। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के अंतर्गत सद्भावना महिला संकुल स्तरीय संगठन दोनर की संकुल स्तरीय वार्षिक आम सभा एवं जेंडर सभा महिलाओं की छोटी संसद का आयोजन ग्राम खरेंगा में किया गया। कार्यक्रम में संकुल से जुड़ी 25 ग्राम पंचायतों की बिहान समूह की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती मोनिका ऋषभ देवांगन उपस्थित रहीं। मुख्य अतिथि श्रीमती मोनिका ऋषभ देवांगन ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नारी के अस्तित्व, सम्मान और अधिकार की शुरुआत स्वयं से होनी चाहिए। जब हम बदलाव की शुरुआत स्वयं और अपने परिवार से करेंगे, तभी समाज में सकारात्मक परिवर्तन आएगा। कार्यक्रम के दौरान बिहान समूह की महिलाओं द्वारा छोटी संसद का आयोजन किया गया, जिसमें नशा मुक्ति, महिला अधिकार एवं लैंगिक समानता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर खुली चर्चा की गई।
