सार्थक के विशेष बच्चों ने मंच पर जीवंत किए बापू के सत्य और अहिंसा के संदेश
मुख्य अतिथि समाजसेवी रेखा अग्रवाल एवं विशिष्ट अतिथि समाजसेवी रजनी बंसल की उपस्थिति में हुआ आयोजन

धमतरी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर सार्थक स्कूल में विशेष बच्चों ने अपनी सुंदर एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियों के माध्यम से गांधीजी के विचारों को जीवंत किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि समाजसेवी रेखा अग्रवाल एवं विशिष्ट अतिथि समाजसेवी रजनी बंसल ने गांधीजी के चित्र पर माल्यार्पण कर ज्ञान एवं प्रकाश के प्रतीक पांच दीप प्रज्वलित किए। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत स्वच्छता एवं भाईचारे पर आधारित लघु नाटिका विशेष आकर्षण रही। गांधीजी की भूमिका में कुलदीप एवं कस्तूरबा गांधी की भूमिका में प्राची ने स्वच्छता का महत्व बताते हुए कचरा न फैलाने का संदेश दिया। एकलव्य ने पुलिस की भूमिका निभाई, जबकि बेबी, रोशन, अर्जुन एवं राघव ने कचरा फैलाने वालों की भूमिका निभाई। ईशु एवं नेमेश ने आपसी विवाद का दृश्य प्रस्तुत कर प्रेम, भाईचारे और सद्भाव से रहने का संदेश दिया। इसके बाद गांधीजी के तीन बंदरों की प्रस्तुति में व्हीलचेयर पर बैठे करण, डॉली एवं दीपाली ने बुरा मत बोलो, बुरा मत सुनो, बुरा मत देखो का संदेश देकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण नमक सत्याग्रह एवं दांडी यात्रा की प्रस्तुति रही। भारती, प्रीति, श्वेता, देवश्री, मनीषा, विनीत, नेमेश, ईशु, वत्सला, लीकेश, प्रतीक, निखिल एवं मनीष ने हाथों में तिरंगा और गांधीजी के सुविचारों से सजी तख्तियां लेकर दांडी यात्रा में सहभागिता की। बच्चों ने गांधीजी के विचारों पर आधारित नारों के साथ सत्य, अहिंसा और स्वच्छता का संदेश दिया।मुख्य अतिथि समाजसेवी रेखा अग्रवाल, रजनी बंसल ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की। मुख्य अतिथि समाजसेवी रेखा अग्रवाल ने सार्थक स्कूल को सहयोग राशि प्रदान की। सार्थक अध्यक्ष डॉ. सरिता दोशी ने कहा कि विशेष बच्चों ने अपनी प्रतिभा और सहभागिता से गांधीजी के आदर्शों को मंच पर जीवंत कर दिया। कार्यक्रम का गरिमामय संचालन सचिव स्नेहा राठौड़ ने किया। इस अवसर पर सुभाष मालिक, प्रशिक्षक मैथिली गोड़े, देविका दीवान, कौशिल्या यादव, काजल रजक, सुनैना गोड़े, सविता शेख, शकुंतला सोनी एवं प्रेमबती साहू सहित सार्थक स्कूल के बच्चे एवं सहयोगी उपस्थित रहे।
