Uncategorized

कोहका डूबान में रामधुनी की गूंज, महापौर रामू रोहरा बोले,राम के आदर्शों पर चले तो समाज मजबूत होगा

राज्य स्तरीय संगीतमय रामधुनी सम्मेलन में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, भजनों से राममय हुआ गांव

धमतरी। ग्राम कोहका (डूबान) में आयोजित एक दिवसीय राज्य स्तरीय भव्य संगीतमय रामधुनी सम्मेलन में आस्था का जनसैलाब उमड़ा। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची रामधुनी मंडलियों ने भगवान श्रीराम के भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी। रामनाम के जयघोष से पूरा गांव भक्तिमय नजर आया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा रहे। अध्यक्षता ग्राम पंचायत अकलाडोंगरी की सरपंच श्रीमती बेद बाई कुमेटी ने की। जिला पंचायत सभापति श्रीमती मोनिका देवांगन अतिथि के रूप में शामिल हुईं। आयोजन समिति एवं ग्रामीणों ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया।

राम के आदर्शों से समाज को मिलती है दिशा

महापौर रामू रोहरा ने कहा कि भगवान श्रीराम भारतीय संस्कृति में मर्यादा, सत्य, त्याग और सेवा के प्रतीक हैं। उनके आदर्शों को जीवन में उतारकर ही समाज को मजबूत और संस्कारवान बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि रामधुनी केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और संस्कारों को जीवित रखने का माध्यम है। ऐसे आयोजन गांव-गांव में सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं तथा युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं।
महापौर ने कहा, राम का नाम हमें जोड़ने का काम करता है। जहां रामधुनी होती है, वहां भक्ति के साथ संस्कार और सामाजिक एकता की भावना भी मजबूत होती है। हमारी संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने सफल आयोजन के लिए ग्रामवासियों एवं आयोजन समिति को शुभकामनाएं दीं।

जिला पंचायत सभापति मोनिका देवांगन
ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन ग्रामीण अंचलों की पहचान हैं। ऐसे कार्यक्रम समाज को एकजुट करने के साथ आपसी प्रेम और सद्भाव को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने भगवान श्रीराम से सभी के सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।सम्मेलन में रामधुनी मंडलियों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। भजनों की स्वर लहरियों और जय श्रीराम के जयघोष से कोहका डूबान का पूरा वातावरण राममय हो गया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!