Uncategorized

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश

धमतरी- कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवा संकल्प अभियान, आगामी कार्यक्रमों तथा विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी एवं समन्वय के साथ निर्वहन करते हुए कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में आगामी 7 अक्टूबर को आयोजित सेवा ज्योति यात्रा की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने बताया कि कार्यक्रम का वर्चुअल शुभारंभ प्रातः 10 बजे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ज्योति प्रज्वलित कर किया जाएगा। इसके पश्चात प्रधानमंत्री जी का उद्बोधन होगा और सेवा ज्योति यात्रा के रूप में रैली निकाली जाएगी। रैली से पहले सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल, यातायात, सुरक्षा, पेयजल, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था सहित सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों की गतिविधियों एवं उपलब्धियों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों के फोटो एवं गतिविधियों की जानकारी निर्धारित गूगल लिंक तथा माय भारत पोर्टल पर अपलोड की जाए, ताकि जिले की जनभागीदारी एवं अभियान की गतिविधियां प्रभावी रूप से प्रदर्शित हो सकें। साथ ही जन प्रयास पोर्टल में अधिक से अधिक वालेंटियरों की ऑनबोर्डिंग कराने पर भी जोर दिया गया।

दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने शिविर 8 अक्टूबर को

कलेक्टर ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत 8 अक्टूबर को नगरी में दिव्यांगजन शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में क्षेत्र के दिव्यांगजनों की आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के साथ विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं प्रदान करने के लिए स्टॉल लगाए जाएंगे। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही समाज कल्याण विभाग को 10 से 12 अक्टूबर के बीच धमतरी में भी दिव्यांगजन शिविर आयोजित करने की तैयारी करने कहा।

धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा

आगामी धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि अधिकांश धान खरीदी केंद्रों में चबूतरों की व्यवस्था उपलब्ध है। उन्होंने सभी केंद्रों में शेड, शौचालय, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई तथा किसानों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की जांच कर समय रहते कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। नए प्रस्तावित धान खरीदी केंद्रों में भी खरीदी प्रारंभ होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने कहा।

कृषि, पीएम सूर्य घर सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा

बैठक में कृषि विभाग से संबंधित योजनाओं एवं आगामी कृषि कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने तथा विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में मैदानी स्तर पर प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए।

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों को योजना से जोड़ने, सौर ऊर्जा के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने कहा गया।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था, जलापूर्ति योजनाओं तथा लंबित कार्यों की स्थिति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने कहा कि पेयजल से संबंधित शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाए और योजनाओं की नियमित निगरानी की जाए।

महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग को विशेष निर्देश

महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन, पोषण संबंधी गतिविधियों, हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ तथा कुपोषण की स्थिति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने बच्चों, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं को पोषण सेवाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने तथा मैदानी अमले को सक्रिय रूप से कार्य करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच, शिविरों, जांच एवं उपचार की स्थिति तथा आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली गई। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की सतत निगरानी और पात्र हितग्राहियों को स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया।

बड़े ग्राम पंचायतों में बनेगी लाइब्रेरी

वीबीजी-रामजी योजना के अंतर्गत जिले की बड़ी ग्राम पंचायतों में चरणबद्ध रूप से लाइब्रेरी विकसित करने की जानकारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जयंत नाहटा ने दी। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के स्थानीय युवाओं को अध्ययन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है। कलेक्टर ने चयनित ग्राम पंचायतों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

स्कूल शिक्षा एवं सड़क सुरक्षा पर भी जोर

स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने विद्यालयों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षण व्यवस्था तथा अधोसंरचना से संबंधित कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने ऐसे शासकीय स्कूलों की सूची तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, जहां विद्यार्थियों की संख्या एवं आवश्यकता के अनुरूप अतिरिक्त कक्ष की आवश्यकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यकतानुसार प्राथमिकता निर्धारित कर प्रस्ताव तैयार करने तथा विद्यालयों में अध्ययन-अध्यापन के लिए पर्याप्त एवं सुविधाजनक स्थान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयों में आवश्यक मरम्मत एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की भी समीक्षा कर समयबद्ध कार्रवाई करने कहा।
उन्होंने जिले में सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित विभागों को समन्वित प्रयास करने कहा। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान, यातायात नियमों के पालन तथा आम नागरिकों और विद्यार्थियों के बीच जागरूकता गतिविधियां संचालित करने पर जोर दिया गया।

वन विभाग से संबंधित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश

बैठक में वन विभाग से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा भी की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि ऐसे प्रकरणों की जानकारी बैठक में उपस्थित वनमंडलाधिकारी श्री जाधव श्री श्रीकृष्णा के समक्ष प्रस्तुत करें। वनमंडलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने की बात कही।बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!