Uncategorized

धमतरी में 300 बच्चों को पिलाई गई स्वर्ण प्राशन ड्रॉप, अभिभावकों ने सराहा स्वास्थ्यप्रद पहल

धमतरी- नगर पालिक निगम धमतरी एवं शासकीय आयुष पॉलीक्लिनिक के संयुक्त तत्वावधान में आज एक अत्यंत सराहनीय स्वास्थ्य कार्यक्रम स्वर्ण प्राशन संजीवनी का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत 0 से 16 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 300 बच्चों को स्वर्ण प्राशन औषधि पिलाई गई, जिसका उद्देश्य बच्चों के संपूर्ण स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना है।इस अवसर पर नगर पालिक निगम धमतरी के महापौर रामू जगदीश रोहरा, स्वास्थ्य समिति के सभापति नीलेश लूनिया, तथा जिला आयुष अधिकारी डॉ. सुरेंद्र चंद्राकर की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवध पचौरी के मार्गदर्शन में किया गया, जो विगत दो वर्षों से इस योजना को नियमित रूप से सफलतापूर्वक संचालित कर रहे हैं।डॉ. पचौरी ने जानकारी दी कि स्वर्ण प्राशन औषधि बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं रोग प्रतिरोधक विकास में सहायक है। इसके नियमित सेवन से बच्चों में शारीरिक वजन में वृद्धि, कुपोषण में कमी, स्मरण शक्ति का विकास, पाचनतंत्र में सुधार, तथा एलर्जी और बार-बार बीमार पड़ने की प्रवृत्ति में कमी जैसे सकारात्मक प्रभाव देखे गए हैं।स्वर्ण प्राशन कार्यक्रम प्रत्येक माह पुष्य नक्षत्र के दिन आयोजित किया जाता है, जिसे आयुर्वेद में विशेष शुभ मुहूर्त माना गया है। यह सेवा नि:शुल्क रूप से उपलब्ध करवाई जाती है और आयुष पॉलीक्लिनिक, जो कि जिला एवं सत्र न्यायालय के पीछे स्थित है, में इसे कराया जाता है।कार्यक्रम को लेकर अभिभावकों में भी विशेष उत्साह देखा गया। बच्चों के स्वास्थ्य में हो रहे लाभकारी प्रभावों को देखकर अभिभावकों ने नगर निगम एवं आयुष विभाग की इस पहल की प्रशंसा करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।यह आयोजन न केवल बच्चों के भविष्य को स्वास्थ्य की दिशा में सशक्त बना रहा है, बल्कि समाज में आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के प्रति विश्वास और जागरूकता को भी प्रोत्साहित कर रहा है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!