Uncategorized

आमदी में जल्द शुरू होगा डिग्री कॉलेज, नया भवन बनकर तैयार

कलेक्टर श्री मिश्रा ने किया निरीक्षण, फिनिशिंग का काम जल्द पूरा करने दिए निर्देश

धमतरी 10 जून 2025/ आमदी सहित धमतरी शहर के विद्यार्थियों को जल्द ही पढ़ने-लिखने के लिए नये डिग्री कॉलेज की सौगात मिल जाएगी। आमदी में डिग्री कॉलेज के नये भवन का निर्माण लगभग पूरा हो गया है। आज कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने इस भवन का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने इस दौरान मौजूद लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियता श्री नेताम को कॉलेज का फिनिशिंग काम जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। श्री मिश्रा ने कॉलेज निर्माण में मितव्ययता बरतते हुए निविदा दर से लगभग 70 लाख रूपये कम लागत में काम पूरा कराने पर श्री नेताम की तारीफ भी की।
निरीक्षण के दौरान श्री मिश्रा ने कॉलेज के भीतर घूमकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता को भी देखा। उन्होंने कॉलेज के क्लासरूम में बिजली, पंखे आदि की क्वालिटी भी देखी। श्री मिश्रा ने कॉलेज के कॉरीडोर मे एक वर्गफीट और क्लासरूम्स में बड़ी दो वर्गफीट की टाईल्स लगाने का औचित्य पूछा। श्री नेताम ने बताया कि कॉरीडोर में लगातार आवाजाही और बारिश पानी के कारण बड़ी टाईल्स जल्द खराब हो जाती है। इसके साथ ही बड़ी टाईल्स के चिकने होने के कारण फिसलकर गिरने का भी डर बना रहता है। इसीलिए कॉरीडोर में छोटी रफ सर्फेस वाली टिकाउ और मजबूत टाईल्स लगाई गई हैं। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कॉलेज के फिनिशिंग काम को तेजी से कराकर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कॉलेज परिसर से लगे मिनी स्टेडियम के पवेलियन और बाउंड्रीवॉल को भी रंगाई-पोताई कराने को कहा।
उल्लेखनीय है कि आमदी में डिग्री कॉलेज के भवन के लिए चार करोड़ 52 लाख रूपये की स्वीकृति मिली थी। परन्तु टेण्डर आदि के बाद इसे केवल तीन करोड़ 79 लाख रूपये में पूरा करा लिया गया है। इस कॉलेज भवन में छः बड़े क्लास रूम बनाए गए हैं। विद्यार्थियों को प्रेक्टिकल के लिए चार प्रयोगशालाएं और दो अतिरिक्त कक्ष भी बनाए गए हैं। कॉलेज परिसर में ही एक तरफ गार्डन और दूसरी तरफ किसी छोटे कार्यक्रम के लिए असेम्बली स्थल भी बनाया गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!