घंटे भर के भीतर हुई तीन सड़क दुर्घटनाएं, एक की मौके पर मौत
कोलियारी चौक, श्यामतराई, बठेना चौक के पास हुआ हादसा

धमतरी। कल रात धमतरी जिले में घंटे भर के भीतर तीन अलग-अलग स्थानों पर सड़क हादसे हुए, जिनमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना में एक एम्बुलेंस और कार की टक्कर हुई, सभी घटनाओं में वरदान एम्बुलेंस सेवा संस्था ने त्वरित राहत कार्य में अहम भूमिका निभाई।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कलारतराई निवासी अशोक सिन्हा अपने मोटर सायकल से घर लौट रहे थे तभी ग्राम कोलियारी चौक के पास ट्रक ने उसे अपने चपेट में ले लिया ट्रक के पहिए में युवक फंस गया जिससे कुचल कर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश नजर आया। इसी प्रकार बठेना चौक में मोटरसाइकिल सवार शिवनंद जोशी (27 वर्ष), निवासी ग्राम पीपरछेड़ी, धमतरी से अपने घर लौटते समय बठेना चौक के पास अचानक सामने से आए वाहन से टकरा गया। मौके पर उपस्थित सिटी कोतवाली थाना प्रभारी राजेश मरई तथा वरदान एम्बुलेंस सेवा संस्था के सदस्य अमन साहू व पप्पू साहू ने तत्काल राहत कार्य किया। घायल को डोमन साहू के माध्यम से जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया गया। वहीं श्यामतराई बायपास स्थित सिग्नल के पास एक कार और एम्बुलेंस की टक्कर हो गई। एम्बुलेंस में एक पेशेंट था जो रायपुर से जगदलपुर जा रहा था। सूचना मिलते ही वरदान एम्बुलेंस सेवा संस्था के सिवा प्रधान ने तत्काल दूसरी एम्बुलेंस भेजी। घायल मरीज को डोमन साहू द्वारा जगदलपुर मेडिकल कॉलेज सुरक्षित पहुंचाया गया।


