छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंघ के अनिश्चितकालीन आंदोलन के आज दूसरे दिन थमे सैकड़ो वाहनों के पहिए
ड्राइवर आयोग सुरक्षा कानून वेलफेयर बोर्ड गठन सहित 11 सूत्रीय मांगो को लेकर आंदोलन है जारी

धमतरी। छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंघ के आह्वान पर ड्रायवरो द्वारा हड़ताल जिला संघ का कार्यालय चिटौद में प्रारंभ किया गया। ड्रायवरों से आव्हान किया गया है कि आज वाहन न चलाए साथ ही अब वाहन रोकने की चेतावनी भी दी है। विदित हो कि ड्राइवर आयोग सुरक्षा कानून बनाने, वेलफेयर बोर्ड का गठन करने, प्रदेश में शराबबंदी समेत अन्य मांग ड्राइवर महासंघ के द्वारा लंबे समय से की जा रही है, इन मांगों को लेकर पूर्व में आंदोलन कर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया गया था। एक भी मांग पूरी नहीं होने पर महासंघ ने फिर आंदोलन छेड़ दिया है। छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंघ के जिलाध्यक्ष अनूप मानिकपुरी, नोहर सिंह साहू, रोशनलाल साहू, जागेश्वर साहू, सोमनाथ साहू, सुरेन्द्र मिश्रा, महेश मंडावी, धरमपाल साहू, आदि ने कहा कि इस बार आर पार की लड़ाई का मूड लेकर आंदोलन में कूदे है। सरकार की नजर में ड्राइवरो की जान काफी सस्ती लगती है, जबकि अनिवार्य सेवाओं के संचालन में सबसे अहम भूमिका ड्राइवर निभाते है। बताया कि धमतरी जिले में 475 ड्राइवर संघ में शामिल है। सभी एक राय होकर आंदोलन को समर्थन कर रहे, इसके अलावा जो ड्राइवर संघ में शामिल नहीं है उनके द्वारा भी आंदोलन को समर्थन दिया जा रहा है। इसका कारण यह है कि महासंघ की सभी मांगे ड्राइवरों के हित में है, मांग पूरी होने का फायदा सभी ड्राइवरों को मिलेगा इसलिए एकजूट होकर आवाज बुलंद की जा रही है। छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंघ की मांग है कि प्रदेश में पूर्व शराबबंदी लागू किया जाए ताकि दुर्घटनाओं में कमी आए और ड्राइवरों की जान बचे। ड्राइवर आयोग, वेलफेयर बोर्ड तथा सुरक्षा कानून बनाया जाए। कमर्शियल लाइसेंस पर बीमा की व्यवस्था किया जाए। दुर्घटना में मृत्यु होने पर 10 लाख रुपए और अपगंता की स्थिति में 5 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान किया जाए। ड्राइवर हेल्थ कार्ड बनाया जाए, ड्राइवरों के बच्चों के लिए शिक्षा की व्यवस्था की जाए तथा उन्हें नौकरी में आरक्षण प्रदान किया जाए। 55 वर्ष की आयु पूरी होने पर पेंशन प्रदान किया जाए। राज्य के सभी जिलों में ड्राइवर स्मारक निर्माण किया जाए। ड्राइवरों के साथ मारपीट या लूट की घटना पर 5 वर्ष तक कठोर दंड का प्रावधान किया जाए। किसी एक दिन ड्राइवर दिवस मनाने की घोषणा की जाए। इन मांगो को लेकर पूर्व में कई बार शासन से पत्राचार किया जा चुका है।
कांति सेना व जोहार पार्टी ने दिया समर्थन
छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंघ के आंदोलन को समर्थन देने के लिए छत्तीसगढ़ क्रांति सेना व जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के पदाधिकारी चिटौद पहुंचे थे। निखिलेश देवान, डोपेश्वर साहू, सोमनराम, प्रेमुराम सिन्हा, यशवंत साहू ने कहा कि ड्राइवरों के द्वारा अपनी जायज मांगो को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा है। सरकार को एक कमेटी का गठन कर ड्राइवरों की मांगो पर जल्द ही ठोस निर्णय लेना चाहिए ताकि हड़ताल के कारण जरुरी सेवा प्रभावित न हो और ड्राइवरों को उनका हक मिले।
