महापौर की गाड़ी के सामने बैठ कांग्रेसी करने लगे नारेबाजी, गरमाया माहौल, पक्ष और विपक्ष के नेताओं में हुई तीखी नोंकझोंक
बनी विवाद की स्थिति, आनन-फानन में पुलिस पहुंची मौके पर
महापौर रामू रोहरा का पुतला रख कांग्रेसी पार्षदो ने किया विरोध प्रदर्शन, की गई रेल्वे प्रभावितो के व्यवस्थापन की मांग

धमतरी। नगर निगम के चरमराई प्रशासनिक व्यवस्था, बुनियादी मूलभूत सुविधा एवं भ्रष्टाचार का आरोप लगा विरोध में विपक्षी कांग्रेस पार्षदो द्वारा सात दिवसीय धरना प्रदर्शन नगर निगम परिसर के सामने शुरु किया गया है। जिसके आज तीसरे दिन भी कांग्रेसियों ने निगम कार्यालय के बाहर धरना दिया। आज कांग्रेसियों ने महापौर रामू रोहरा का पुतला बैठाकर पूरजोर विरोध किया। जैसे ही महापौर की गाड़ी निगम कार्यालय के बाहर पहुंची धरनारत कांग्रेसी महापौर की गाड़ी के सामने बैठ गए और नारेबाजी करने लगे इससे माहौल गरमा गया। सत्ता और विपक्ष के नेता आमने सामने आ गए। विवाद की स्थिति बनी। आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को सम्भाला। कांग्रेसी पार्षदों ने बड़ी रेल लाइन से प्रभावित परिवारों के साथ मिलकर व्यवस्थापन की मांग को लेकर आज धरने पर बैठे। कांग्रेसियो ने कहा प्रभावित खुले आसमान के नीचे अपना जीवन यापन करने के लिए मजबूर है कड़कड़ाती ठंड में डागा धर्मशाला सहित बस स्टैंड के आसपास अपना डेरा तंबू के नीचे लगाकर किसी तरह जीवन काट रहे हैं। धरना स्थल पर आक्रोशित कांग्रेसियों ने कहा कि महापौर रामू रोहरा रेलवे प्रभावितों के भावनाओं से खिलवाड़ किया है।
इस दौरान कांग्रेसियों ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना की किस्त की राशि नही मिलने से हितग्राहियों को परेशानी हो रही है। साथ ही नये स्वीकृति पर भी रोक लग गई है। बुनियादी मूलभूत सुविधाओं चरमराई हुई है। जर्जर सड़कों से जनता परेशान है। पेयजल, सफाई व्यवस्था बदहाल है। उक्त सुविधाओं को दिलाने में महापौर नाकाम साबित हुए है। रेलवे प्रभावितो के पुनस्र्थापना की व्यवस्था नहीं की जा रही है। सामान्य सभा की बैठक से महापौर व सत्ता पक्ष भाग रही है। शहर के चालीस वार्ड में विकास कार्य ठप्प हो चुके है। कांग्रेसी पार्षदो ने आगे कहा कि डीजल, पेट्रोल घोटाला, डम्पर, गुणवत्ता विहिन रिक्शा खरीदी आदि घोटालों की जांच निष्पक्ष रुप में होनी चाहिए। प्रधानमंत्री आवास योजना में लेन-देन व टेंडरों में हेराफेरी के आरोप भी लगते रहे है। इसकी सच्चाई जनता के सामने आनी चाहिए। धरना प्रदर्शन में प्रमुख रुप में नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर, उपनेता प्रतिपक्ष सत्येन्द्र देवांगन (विशु), सूरज गहरवाल, सुमन मेश्राम, पूर्णिमा रजक, उमा भागी ध्रुव, रामेश्वरी कासरे, ब्लाक कांग्रेस शहर अध्यक्ष आकाश गोलछा, गौतम वाधवानी, राजेश ठाकुर, राजेश पाण्डेय, आशुतोष खरे, सहित अन्य कांग्रेसी शामिल रहे।

