Uncategorized

26 दिसंबर को जिले में श्रद्धा एवं गौरव के साथ मनाया जाएगा वीर बाल दिवस

कार्यक्रम आयोजन हेतु जिला शिक्षा अधिकारी नोडल अधिकारी नियुक्त

धमतरी-भारत सरकार द्वारा दसवें सिख गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी के वीर पुत्रों साहिबज़ादे बाबा जोरावर सिंह एवं बाबा फतेह सिंह की अद्वितीय शहादत को नमन करते हुए 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर मनाने का निर्णय लिया गया है। यह दिवस बाल वीरता, साहस, धर्मनिष्ठा एवं देशभक्ति की भावना को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम बनेगा।
राज्य शासन द्वारा वीर बाल दिवस के आयोजन हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के पालन में अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा नवीन सिंह ने आदेश जारी करते हुए जिले में आयोजित होने वाले समस्त कार्यक्रमों के सफल संचालन एवं समन्वय की जिम्मेदारी जिला शिक्षा अधिकारी, धमतरी को नोडल अधिकारी के रूप में सौंपी है। वीर बाल दिवस के अवसर पर जिले के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में विशेष प्रार्थना सभाएँ, साहिबजादों के जीवन पर आधारित प्रेरक प्रसंग, विचार गोष्ठी, भाषण प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने का प्रयास किया जाएगा।जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों, शिक्षण संस्थाओं एवं जनप्रतिनिधियों से इस राष्ट्रीय महत्व के आयोजन को गरिमामय एवं सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता की अपील की है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!