Uncategorized

केंद्रीय बजट आम जनता के साथ छलावा-योगेश शर्मा

धमतरी- ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष योगेश शर्मा ने केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट आम जनता, किसानों, युवाओं और मध्यम वर्ग की उम्मीदों पर पूरी तरह खरा नहीं उतरा है। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल बड़े उद्योगपतियों और पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने वाला है, जबकि आम नागरिकों को महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट से कोई राहत नहीं मिली।
योगेश शर्मा ने कहा कि बजट में किसानों की आय दोगुनी करने की बात एक बार फिर केवल कागजों तक सीमित रह गई है। खाद, बीज, डीजल और बिजली की बढ़ती कीमतों पर कोई ठोस घोषणा नहीं की गई। न्यूनतम समर्थन मूल्य को लेकर भी सरकार की मंशा स्पष्ट नहीं है, जिससे किसान स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि युवाओं के लिए रोजगार सृजन को लेकर बजट पूरी तरह मौन है। बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, लेकिन नए रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए कोई ठोस योजना सामने नहीं आई। शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी क्षेत्रों के बजट में भी अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं की गई, जिससे आम जनता को निराशा हाथ लगी है।ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि महंगाई से त्रस्त आम परिवारों के लिए इस बजट में कोई राहत नहीं है। रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल और दैनिक उपयोग की वस्तुएं लगातार महंगी हो रही हैं, लेकिन सरकार ने इन पर कोई नियंत्रण नहीं किया। यह बजट जनहित के बजाय केवल चुनावी और दिखावटी घोषणाओं तक सीमित है।
अंत में योगेश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा किसान, मजदूर, युवा और गरीब वर्ग की आवाज उठाती रही है और आगे भी सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा। आने वाले समय में कांग्रेस पार्टी जन आंदोलन के माध्यम से जनता के हक की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!