Uncategorized

कलेक्टरअबिनाश मिश्रा ने चना-सरसों खरीदी की तैयारियों पर ली बैठक

प्रधानमंत्री आशा के तहत चना और सरसों की समर्थन मूल्य पर खरीदी 1 मार्च से शुरू

धमतरी-कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान के अंतर्गत चना एवं सरसों की समर्थन मूल्य पर खरीदी की तैयारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में कृषि विभाग के अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।कलेक्टर श्री मिश्रा ने बताया कि रबी विपणन सीजन 2025-26 में किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से जिले में चना और सरसों की खरीदी समर्थन मूल्य पर की जाएगी। शासन द्वारा इस वर्ष चना के समर्थन मूल्य में 225 रुपये प्रति क्विंटल तथा सरसों में 300 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है। अब चना 5875 रुपये प्रति क्विंटल और सरसों 6200 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदी जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को खरीदी केंद्रों में तौल, भंडारण, परिवहन एवं भुगतान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उप संचालक कृषि मोनेश साहू ने जानकारी दी कि खरीदी के लिए पंजीयन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। 1 मार्च 2026 से समर्थन मूल्य पर खरीदी प्रारंभ होगी। उन्होंने बताया कि जिले में इस वर्ष चना एवं सरसों की खेती का रकबा बढ़ा है, जिससे किसानों में उत्साह देखा जा रहा है। कृषि विभाग द्वारा फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने हेतु विशेष अभियान चलाकर व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
जिले के 11 उपार्जन केंद्रों में अब तक 2013 किसानों द्वारा लगभग 1917.46 हेक्टेयर रकबे का पंजीयन कराया जा चुका है और यह प्रक्रिया निरंतर जारी है। गत वर्ष जिले में 20,840.50 क्विंटल चना की खरीदी की गई थी। इस वर्ष विकासखंड धमतरी के सबलपुर, विकासखंड मगरलोड के बोरसी तथा विकासखंड नगरी की सलोनी सहकारी समिति सहित कुल 3 नए उपार्जन केंद्र अधिसूचित किए गए हैं। सभी समितियों में इस वर्ष 50,000 क्विंटल खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उप संचालक कृषि श्री साहू ने बताया कि जिले के किसान से अपील की गई है कि जो किसान अभी तक चना एवं सरसों फसल का पंजीयन नहीं करा पाए हैं, वे अपने नजदीकी खरीदी केंद्र में आवश्यक दस्तावेज—भू-अधिकार पुस्तिका, आधार कार्ड, बैंक पासबुक एवं आधार से लिंक मोबाइल नंबर—साथ लेकर 1 मार्च 2026 से पूर्व अनिवार्य रूप से पंजीयन करा लें, ताकि उन्हें समर्थन मूल्य योजना का लाभ मिल सके।एनसीसीएफ के अधिकारियों ने बताया कि के भखारा तहसील के ग्राम कोसमर्रा और कुरुद विकासखंड के अंवरी में 2500 मीट्रिकटन के गोदामों का निर्माण करने की स्वीकृति प्राप्त हुई है। आगामी भविष्य में धमतरी विकासखंड के छाती और कुरूद विकासखंड के रामपुर में भी 2500 मीट्रिक टन गोदाम निर्माण की योजना है।

कलेक्टर के निर्देश पर अधिकारियों ने चना खरीदी केंद्रों का किया निरीक्षण

धमतरी। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर उप संचालक कृषि मोनेश साहू एवं सीओसीसीबी बलरामपुरी गोस्वामी ने जिले के चना खरीदी केंद्रों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने केंद्रों में उपलब्ध व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान तौल व्यवस्था, बारदाना उपलब्धता, भंडारण क्षमता, पेयजल, छाया, किसानों के बैठने की व्यवस्था तथा रिकॉर्ड संधारण की स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने संबंधित केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण कर ली जाएं, ताकि खरीदी कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके। उन्होंने कहा कि आगामी 1 मार्च से चना एवं सरसों की खरीदी समर्थन मूल्य पर प्रारंभ की जानी है, इसलिए सभी तैयारियां 1 मार्च से पूर्व अनिवार्य रूप से पूर्ण कर ली जाएं। किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!