Uncategorized

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की पहल पर धमतरी में स्थापित होगा इंडस्ट्रियल एक्सीलेंस सेंटर

स्थानीय उद्योगों को मिलेगा तकनीकी संबल, युवाओं के लिए बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

कलेक्टर श्री मिश्रा और इंडस्ट्रियल एक्सीलेंस सेंटर से आए अधिकारियों ने किया प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण

धमतरी जिले में औद्योगिक विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा इंडस्ट्रियल एक्सीलेंस सेंटर (आई ई सी)की स्थापना की पहल की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा और बेंगलूर इंडस्ट्रियल एक्सीलेंस सेंटर से आए अधिकारियों ने प्रस्तावित स्थल शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय धमतरी का निरीक्षण किया। इस प्रमुख तकनीकी शिक्षण संस्थान में केंद्र की स्थापना से शिक्षा और उद्योग के बीच की दूरी कम होगी।इस केंद्र के माध्यम से छात्रों को व्यवहारिक प्रशिक्षण, उद्योगोन्मुख कौशल और आधुनिक तकनीकी संसाधनों का लाभ मिलेगा। साथ ही स्थानीय उद्योगों को परीक्षण, परामर्श और नवाचार संबंधी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी, जिससे क्षेत्रीय औद्योगिक विकास को मजबूती मिलेगी।अधिकारियों ने बताया कि यह केंद्र जिले के औद्योगिक तंत्र को सशक्त बनाने में रणनीतिक भूमिका निभाएगा। जिले की 100 से अधिक राइस मिलों के आधुनिकीकरण, एग्रो-प्रोसेसिंग और विनिर्माण क्षेत्र के विस्तार तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को तकनीकी संबल प्रदान करने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी। धान और वन उपज की प्रचुरता को ध्यान में रखते हुए नई तकनीक और प्रशिक्षण के माध्यम से स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।
इस पहल में फ्रांस की वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनी दासॉल्ट सिस्टमस की महत्वपूर्ण भूमिका प्रस्तावित है। कंपनी अपनी अत्याधुनिक 3डी एक्सपीरियंस तकनीक 90 प्रतिशत रियायती दर पर उपलब्ध कराएगी। साथ ही तीन वर्षों तक संचालन सहयोग, विशेषज्ञ टीम की तैनाती, प्रशिक्षण, परियोजना प्रबंधन और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आई ई सी के प्रचार-प्रसार में सहयोग प्रदान किया जाएगा।
केंद्र का स्वामित्व राज्य शासन के पास रहेगा तथा संचालन और प्रगति की नियमित समीक्षा जिला प्रशासन द्वारा की जाएगी। आई ई सी में जागरूकता शिविर, प्रशिक्षण कार्यक्रम, उद्योग विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन, परामर्श सेवाएं और उद्यमों के लिए तकनीकी सहयोग जैसी गतिविधियां संचालित होंगी। वार्षिक कैलेंडर के आधार पर कार्यक्रमों का संचालन और नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!