नया वन कार्यालय खुलने से प्रशासनिक दक्षता के साथ-साथ व्यापारिक और सामाजिक लाभ भी मिलेगा – अजय चन्द्राकर
वन अनुसंधान कार्यालय व स्मार्ट लाइब्रेरी का कुरुद विधायक ने किया शुभारंभ

कुरुद। पूर्व मंत्री एवं विधायक अजय चंद्राकर ने कुरुद में सहायक वन संरक्षक अनुसंधान एवं विस्तार कार्यालय तथा डॉ. खेतराम चंद्राकर स्मृति स्मार्ट लाइब्रेरी का शुभारंभ किया। विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि कुरुद अब केवल एक नगर नहीं, बल्कि प्रशासनिक और शैक्षणिक सुविधाओं का एक बड़ा केंद्र बन रहा है, जिससे आने वाले समय में इस क्षेत्र का भूगोल और विकास का स्तर पूरी तरह बदल जाएगा। विधायक चंद्राकर ने बताया कि जनता को भटकना न पड़े, इसलिए कुरुद में लगभग सभी विभागों के सब-डिवीजन कार्यालय खुलवाए गए हैं। नया वन कार्यालय खुलने से प्रशासनिक दक्षता के साथ-साथ व्यापारिक और सामाजिक लाभ भी मिलेगा। घटते वन क्षेत्र पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि बिना पर्यावरण संरक्षण के जीवन संभव नहीं है। क्षेत्र के तापमान को नियंत्रित रखने और उपलब्ध 48 प्रतिशत जल के सदुपयोग के लिए यह अनुसंधान केंद्र सहायक सिद्ध होगा। भालुझूलन और डांडेसरा में औद्योगिक विकास के विरोध को प्रायोजित बताते हुए उन्होंने कहा कि विरोध करने वालों को विकल्प भी बताना चाहिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि किसी ग्रामीण की एक इंच जमीन भी प्रभावित नहीं हो रही है। शिक्षा के क्षेत्र में कदम बढ़ाते हुए डॉ. खेतराम चंद्राकर स्मृति स्मार्ट लाइब्रेरी का लोकार्पण किया गया, जो युवाओं के लिए आधुनिक संसाधनों से लैस होगी। कार्यक्रम में डीएफओ कृष्ण कुमार जाधव ने विभागीय योजनाओं की रूपरेखा रखी। नगरपालिका अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर ने प्रशिक्षण शिविरों के आयोजन का सुझाव दिया। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू, जनपद अध्यक्ष विरेन्द्र साहू, गीतेश्वरी साहू, सतीश जैन, ज्योति हरख जैन, सिंधु बैस, रविकांत चंद्राकर, कृष्णकांत साहू, रवि सिन्हा, डॉ. लोकेश साहू, भानु चंद्राकर, लोकेश्वर सिन्हा, भूपेंद्र चंद्राकर, पंकज नायडू, कुलेश्वर चन्द्राकर, आनंद गांधी हरिशंकर सोनवानी एवं होरीलाल साहू आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन बीआरसीसी कुलेश्वर सिन्हा ने किया एवं आभार प्रदर्शन नवनियुक्त एसडीओ तरुण तिवारी ने किया।

