Uncategorized

गैस की कीमत बढ़ाकर मोदी सरकार ने लोगो पर डाला महंगाई का बोझ- लेखराम

धमतरी। कुछ दिन पहले ही घरेलू गैस सिलेंडर का दाम बढ़ाया गया था, वहीं अब कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में एकमुश्त 993 रुपये की भारी वृद्धि से जनता और होटल संचालकों की परेशानी बढ़ गई है। कुरूद के पूर्व विधायक लेखराम साहू ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने गैस के दाम बढ़ाकर आम लोगों और होटल व्यवसायियों की चिंता बढ़ा दी है। भीषण गर्मी से जनता पहले ही परेशान है, अब गैस महंगी होने से नाश्ते में समोसा, बड़ा, कचौड़ी खाना भी महंगा पड़ने वाला है। 1 मई से 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 993 रुपये बढ़कर 3328 रुपये हो गई है। इसका सीधा असर लोगों की जेब पर पड़ेगा। गैस की बढ़ी कीमत का पहला झटका नाश्ते पर पड़ रहा है। धमतरी होटल व्यवसाय संघ ने 6 मई से नाश्ते के रेट में 5 रुपये की वृद्धि का निर्णय लिया है। अब संघ से जुड़े होटलों में मूंग बड़ा, कचौड़ी, समोसा, आलू गुंडा आदि नाश्ता 35 रुपये प्रति प्लेट मिलेगा। पूर्व विधायक लेखराम साहू ने कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे तनाव का वैश्विक असर गैस आपूर्ति पर भी दिख रहा है। दो महीने बाद भी कमर्शियल सिलेंडरों की पर्याप्त आपूर्ति बहाल नहीं हुई है। जिले में 12 गैस एजेंसियां संचालित हैं। होटल, स्ट्रीट फूड वेंडर और रेस्टोरेंट सहित अन्य फूड प्रतिष्ठानों को मिलाकर प्रतिदिन अनुमानित 500 सिलेंडरों की खपत होती है। आपूर्ति बहाल नहीं होने से गैस की किल्लत बनी हुई है। सिलेंडर की कीमत बढ़ने से गैस एजेंसी संचालकों को भी झटका लगा है। होटल संचालकों के अनुसार जल्द ही भोजन की थाली में भी 10 से 20 रुपये की बढ़ोतरी हो सकती है। महंगाई बढ़ने से चाट, गुपचुप, फास्ट फूड के शौकीनों को भी अब ज्यादा कीमत चुकानी होगी। दाम बढ़ने से अधिकांश छोटे होटल संचालक फिर से चूल्हा युग को अपना रहे हैं और भट्ठे जलाकर लकड़ी-कोयले का उपयोग कर रहे हैं।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!