Uncategorized

पारिवारिक जमीन विवाद में युवक पर जानलेवा हमला, आरोपी पति-पत्नी गिरफ्तार

धमतरी। पारिवारिक जमीन विवाद में युवक पर प्राणघातक हमला करने वाले फरार पति-पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा भी जब्त कर लिया गया है।
प्रार्थी मुकेश कुमार साहू ने 9 अप्रैल 2026 को थाना सिहावा में लिखित आवेदन देकर बताया कि ग्राम सेमरा स्थित पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर 13 फरवरी 2026 की रात करीब 8 बजे आरोपी कृष्ण कुमार साहू एवं बिन्दा बाई साहू ने विवाद करते हुए उनके पुत्र ताम्रध्वज साहू पर जानलेवा हमला किया। आरोपियों ने बांस के डंडे से सिर पर प्राणघातक वार किया, जिससे गंभीर आंतरिक चोट आई। प्रारंभ में सामाजिक कारणों से रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई, लेकिन बाद में हालत बिगड़ने पर रायपुर स्थित वी.वाई. हॉस्पिटल में उपचार कराया गया। वहां गंभीर चोट के कारण 5 मार्च और 10 मार्च 2026 को दो बार ऑपरेशन करना पड़ा तथा पीड़ित को पैरालिसिस हो गया। शिकायत की जांच में मामला सत्य पाए जाने पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना सिहावा में धारा 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। सिहावा पुलिस ने सघन विवेचना, गवाहों के बयान और लगातार प्रयास से फरार आरोपियों पर शिकंजा कसा। घटना के बाद से दोनों आरोपी अपने घर से फरार हो गए थे। हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी कृष्ण कुमार साहू ने अपराध स्वीकार किया। उसके मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा गवाहों के समक्ष बरामद किया गया। अपराध प्रमाणित पाए जाने पर आरोपी कृष्णा उर्फ कृष्ण कुमार साहू पिता स्व. बिसनाथ साहू उम्र 51 वर्ष और उसकी पत्नी बिन्दा बाई साहू उम्र 48 वर्ष निवासी डीहीपारा सेमरा को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!