भीषण गर्मी में नगर निगम का जल विभाग अलर्ट, किसी वार्ड में जल संकट नहीं

धमतरी। तेज गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच जहां अन्य शहरों में जल संकट गहराता जा रहा है, वहीं धमतरी नगर निगम द्वारा समय रहते किए गए प्रबंधन और सतत निगरानी के चलते स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। महापौर रामू रोहरा के मार्गदर्शन में जल विभाग लगातार सक्रिय है। महापौर ने कहा कि जनता को सुचारू रूप से पानी देना हमारा कर्तव्य है। जल विभाग के सभापति अखिलेश सोनकर अपनी टीम के साथ 40 वार्डों में जल व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग कर रहे हैं। विभाग द्वारा 24 घंटे और सातों दिन कार्य करते हुए यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
सभापति अखिलेश सोनकर ने बताया कि जल विभाग की टीम रोजाना मैदान में उतरकर कार्य कर रही है। हमारा प्रयास है कि इस भीषण गर्मी में धमतरी के प्रत्येक नागरिक तक पर्याप्त पानी पहुंचे। इसके लिए पूरी टीम मुस्तैदी से कार्य कर रही है। विशेष रूप से उन क्षेत्रों पर फोकस किया जा रहा है जहां पानी की समस्या की संभावना रहती है। ऐसे स्थानों पर टीम तत्काल पहुंचकर पाइपलाइन सुधार, लीकेज दुरुस्ती एवं वैकल्पिक जल आपूर्ति की व्यवस्था कर रही है। नगर निगम की इस सक्रियता से शहरवासियों को बड़ी राहत मिल रही है और धमतरी जल प्रबंधन के मामले में एक उदाहरण बनकर उभर रहा है।
