Uncategorized

राज्यपाल से मिला रेडक्रॉस प्रतिनिधिमंडल, सेवा गतिविधियों के विस्तार पर मंथन

5 मरीजों को बांटी गयी पोषण किट, टीबी मरीजों और महिला स्वास्थ्य पर होगा विशेष फोकस

धमतरी। जिले में मानवीय सेवा कार्यों को और प्रभावी बनाने के लिए जिला रेडक्रॉस समिति के प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ के राज्यपाल एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष रमेन डेका से भेंट की। यह भेंट कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देशन तथा राज्य प्रतिनिधि डॉ. प्रदीप कुमार साहू एवं सीएमएचओ डॉ. यूएल कौशिक के संयोजन में हुई। राज्यपाल ने इस दौरान 5 मरीजों को पोषण किट वितरित की। बैठक में जिले में संचालित रेडक्रॉस की गतिविधियों जैसे स्वास्थ्य सेवाएं, आपदा राहत, रक्तदान और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम को और सुदृढ़ करने पर विस्तृत चर्चा हुई। राज्यपाल ने रेडक्रॉस की भूमिका को समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए सेवा कार्यों को जनभागीदारी से जोड़ने पर बल दिया। आगामी समय में सघन सदस्यता अभियान चलाने, वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने, टीबी मरीजों के पोषण एवं देखभाल के लिए विशेष पहल, महिलाओं के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण शिविर और युवाओं के लिए प्राथमिक उपचार व आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण आयोजित करने पर सहमति बनी।
रेडक्रॉस की आर्थिक मजबूती के लिए जिले के उद्यमियों, शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति तैयार की गई। सेवा कार्यों को गति देने के लिए संसाधन जुटाने पर विशेष फोकस रहेगा।
प्रतिनिधिमंडल में चेयरमैन प्राप्ति वाशानी, वाइस चेयरमैन शिवा प्रधान, जिला संगठक आकाश गिरी गोस्वामी सहित प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य हेमराज सोनी, डॉ. गणेश प्रसाद साहू, डॉ. गुरुशरण साहू, सीएल साहू एवं होमेश्वर चंद्राकर उपस्थित रहे। राज्यपाल ने आशा जताई कि धमतरी जिला रेडक्रॉस समिति के प्रयासों से समाज में सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को और मजबूती मिलेगी। इससे जरूरतमंदों तक त्वरित सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान होगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!