Uncategorized

10 फीट लंबा विशालकाय अजगर मिलने से कॉलोनी दहशत

धमतरी। शहर के महिमा सागर वार्ड स्थित रतन कॉलोनी में शनिवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब लोगों ने एक विशालकाय अजगर सांप को रिहायशी इलाके में घूमते देखा। करीब 10 फीट लंबे अजगर को देखते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अजगर कॉलोनी के एक खाली स्थान के पास दिखाई दिया था। रात का समय होने के कारण लोग और ज्यादा घबरा गए। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तथा सर्पमित्र सूर्यकांत तिवारी मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
रेस्क्यू के दौरान लोगों की भारी भीड़ जमा रही। सर्पमित्र ने सावधानीपूर्वक अजगर को पकड़कर सुरक्षित कब्जे में लिया। बताया गया कि अजगर किसी को नुकसान पहुंचाने की स्थिति में नहीं था, लेकिन रिहायशी क्षेत्र में उसके पहुंचने से बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई थी।
वन विभाग की टीम ने अजगर को पकड़ने के बाद उसे सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया। इसके बाद कॉलोनीवासियों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों का कहना है कि आसपास झाड़ियों और खाली पड़े क्षेत्रों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण अक्सर सांप और अन्य जीव-जंतु रिहायशी इलाकों तक पहुंच जाते हैं।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी जहरीले या बड़े सांप के दिखाई देने पर खुद पकड़ने की कोशिश न करें और तुरंत वन विभाग या सर्पमित्रों को सूचना दें।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!