कलेक्टर अबिनाश मिश्रा का ग्रामीण क्षेत्रों का व्यापक भ्रमण:पेयजल, सड़क, खेल मैदान, कृषि एवं जनसुविधाओं के विकास कार्यों का लिया जायजा

धमतरी- जिले में अधोसंरचना विकास, जनसुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत व्यवस्थाओं की सतत मॉनिटरिंग को लेकर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने शनिवार को जिले के विभिन्न ग्रामों का व्यापक भ्रमण कर विकास कार्यों, जनसमस्याओं तथा विभागीय गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं दीर्घकालिक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान कलेक्टर सर्वप्रथम ग्राम कसावाही पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर पेयजल समस्या की जानकारी ली। उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को समस्या के स्थायी समाधान हेतु प्राथमिकता के साथ कार्यवाही करने तथा पेयजल उपलब्धता की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
इसके पश्चात कलेक्टर ने ग्राम भटगांव स्थित बकरीपालन केन्द्र का निरीक्षण किया। यहां पशुपालन विभाग के अधिकारियों के साथ केन्द्र के पुनर्जीवन, आधुनिकीकरण एवं विकास कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। निरीक्षण के दौरान बकरीपालन केन्द्र को स्वरोजगार, प्रशिक्षण एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जोड़ने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
कलेक्टर ने अमलतासपुरम कॉलोनी से भटगांव रोड एवं कलेक्ट्रेट रोड चौड़ीकरण प्रस्तावित मार्ग का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्य में गुणवत्ता, यातायात सुविधा तथा भविष्य की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए।
ग्राम शंकरदाह में कलेक्टर ने खेल मैदान का निरीक्षण कर शिक्षा विभाग के अधिकारियों को ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, खेल गतिविधियों के विस्तार तथा आवश्यक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से बारिश के दौरान मैदान में जलभराव की समस्या को रोकने के लिए समुचित जल निकासी व्यवस्था एवं कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। युवाओं से बात की । अग्निवीर में चयनित युवाओं के बारे में पूछा । इस गांव के कई युवाओं का अग्निवीर में चयन हुआ है ।
इसके उपरांत कलेक्टर ने संबलपुर स्थित कृषि विज्ञान केन्द्र की प्रयोगशाला का निरीक्षण कर कृषि अनुसंधान, नवाचार एवं किसानों को तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराने संबंधी गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने किसानों तक उन्नत कृषि तकनीकों एवं वैज्ञानिक जानकारी को प्रभावी रूप से पहुंचाने पर बल दिया।
ग्राम बोदाछापर (देवरी) में भूमि अतिक्रमण संबंधी मामलों का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने राजस्व विभाग को नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासकीय भूमि की सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित राजस्व प्रबंधन प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
भ्रमण के दौरान ग्राम छाती में जल संसाधन विभाग के शेड, आंगनबाड़ी केन्द्र, उप स्वास्थ्य केन्द्र तथा एमयूसी का भी निरीक्षण किया गया। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को व्यवस्थाओं में सुधार, नियमित मॉनिटरिंग तथा आमजन को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित शासकीय संस्थाओं में सेवा गुणवत्ता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करना आवश्यक है।
कलेक्टर ने भ्रमण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता एवं जनहित सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचाना प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गजेन्द्र ठाकुर, एसडीएम पीयूष तिवारी, जिला पंचायत की टीम, समस्त ए.पी.ओ., कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, कार्यपालन अभियंता जल संसाधन विभाग, उप संचालक पशु चिकित्सा विभाग, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, प्राचार्य शंकरदाह हाई स्कूल, स्वास्थ्य विभाग के डीपीएम, तहसीलदार मधुकर सिरमौर, प्रभारी अधिकारी कृषि विज्ञान केन्द्र सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
