राष्ट्र हित सर्वोपरि : ईंधन बचत के लिए योगेश फाउंडेशन के सदस्यों ने टाला सामूहिक भ्रमण कार्यक्रम
ईंधन की बचत और गैर जरूरी खर्चों में कटौती करके राष्ट्र के प्रति अपना दायित्व निभाए - अंकिता मिश्रा

धमतरी। पश्चिम एशिया युद्ध के असर के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते युद्ध तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति और कीमतों को लेकर अनिश्चितता की स्थिति बन रही है। ऐसी स्थिति में देश में संभावित पैट्रोल – डीजल एवं कमर्शियल गैस संकट को ध्यान में रखते हुए योगेश फाउंडेशन की संस्थापक एवं समाज सेविका अंकिता रत्नेश मिश्रा सहित उनके टीम के समस्त सदस्यों ने देश हित में एक सराहनीय निर्णय लेते हुए 17 मई को स्पेशल बस के द्वारा स्कूली बच्चों को राजिम-आरंग एवं अन्य पर्यटन स्थलों के पूर्व निर्धारित सामूहिक भ्रमण कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। फाउंडेशन के संस्थापक श्रीमति अंकिता मिश्रा एवं उनके सहयोगियों ने कहा कि वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों में देश के संसाधनों पर अतिरिक्त भार न पड़े इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करना चाहिए। इसी भावना से फाउंडेशन ने सामूहिक भ्रमण एवं व्यक्तिगत अन्य स्थानों के भ्रमण तथा अन्य गैर जरूरी खर्चों में भी कटौती करने का निर्णय लिया है।

