भखारा में समर कैम्प प्रशिक्षण शिविर शुरू:नगर पंचायत अध्यक्ष ने बच्चों को खेलों से जुड़ने के लिए किया प्रेरित
खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास एवं व्यक्तित्व विकास का मजबूत आधार हैं-ज्योति हरख

खेलों के माध्यम से बच्चों के व्यक्तित्व विकास और अनुशासन पर दिया जा रहा विशेष प्रशिक्षण
भखारा। जिले में बच्चों एवं युवाओं की खेल प्रतिभा को निखारने तथा ग्रीष्मकालीन अवकाश का रचनात्मक उपयोग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समर कैम्प 2026 ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर के अंतर्गत फ्रीडम फिजिकल ट्रेनिंग शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर में बच्चों को विभिन्न खेल गतिविधियों का प्रशिक्षण देकर उन्हें शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
जिले में 9 मई से 8 जून तक आयोजित होने वाले 30 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर के तहत अटल बिहारी वाजपेई स्टेडियम में बच्चों को कराटे, योग, फुटबॉल, कबड्डी, एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, शतरंज, बास्केटबॉल, वेटलिफ्टिंग, कुश्ती, तीरंदाजी एवं स्केटिंग सहित अनेक खेलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
शिविर में अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा बच्चों को खेल तकनीक, फिटनेस, अनुशासन, टीम भावना एवं नेतृत्व क्षमता का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही योग एवं मार्शल आर्ट्स के माध्यम से आत्मरक्षा, मानसिक एकाग्रता एवं स्वास्थ्य जागरूकता पर विशेष बल दिया जा रहा है।जिले के विभिन्न खेल संस्थानों, विद्यालयों, खेल संघों एवं क्लबों की सहभागिता से संचालित इस समर कैम्प में जिला प्रशासन एवं खेल विभाग सहित संस्थाएं सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।टीम खेलों जैसे फुटबॉल, कबड्डी एवं वॉलीबॉल के माध्यम से विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना एवं खेल संस्कृति को बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें भविष्य की प्रतियोगिताओं एवं खेल अकादमियों के लिए तैयार करने का प्रयास भी किया जा रहा है।
नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास एवं व्यक्तित्व विकास का मजबूत आधार हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में बच्चों को मोबाइल और नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रखकर खेल गतिविधियों से जोड़ना बेहद आवश्यक है। समर कैम्प बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर प्रदान करे.सीएमओ हरिकृष्ण पावरिया ने कहा कि नगर पंचायत एवं प्रशासन का उद्देश्य बच्चों को स्वस्थ, सकारात्मक एवं अनुशासित वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक बच्चों को खेल गतिविधियों में शामिल करें ताकि उनमें शारीरिक क्षमता, आत्मरक्षा, नेतृत्व एवं सामाजिक समन्वय की भावना विकसित हो सके।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन, सीएमओ हरिकृष्ण पावरिया, सभापति छबीलाल निर्मलकर, हितेंद्र साहू, अविनाश गौर बिट्टू, परदेसी कंवर, खेल प्रशिक्षक अधिकारी मनोज साहू, समीर गौड़ सहित खेलों में रुचि रखने वाले क्षेत्र एवं आसपास के अनेक बच्चे उपस्थित रहे।

