विधायक ओंकार साहू के प्रयासों से स्वीकृत दो महत्वपूर्ण सड़कों का महापौर द्वारा झूठा श्रेय लेने की कोशिश दुर्भाग्यपूर्ण – आकाश गोलछा
विधायक के प्रयासों से मिली क्षेत्र को महत्वपूर्ण सड़कों के फोरलेन निर्माण की सौगात

धमतरी। जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री आकाश गोलछा ने कहा कि धमतरी विधायक ओंकार साहू के निरंतर प्रयासों, जनहित के मुद्दों पर लगातार की गई क्षेत्र के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के परिणामस्वरूप सिहावा चौक से कोलियारी नहर नाक चौक तक डिवाइडर सहित फोरलेन सड़क निर्माण तथा रत्नाबांधा चौक से मुजगहन तक फोरलेन सड़क निर्माण कार्य को स्वीकृति मिली है। यह लंबे समय से क्षेत्रवासियों की मांग रही है, जिसके पूरा होने से यातायात व्यवस्था सुगम होगी तथा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने क्षेत्र के विधायक व जनप्रतिनिधियो के साथ किया था भूमिपूजन
आकाश गोलछा ने कहा कि विधायक ओंकार साहू के प्रयास से स्वीकृत इन महत्वपूर्ण विकास कार्यों का भूमिपूजन प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा धमतरी में आयोजित समस्या निवारण शिविर के दौरान विधिवत किया गया था। मुख्यमंत्री द्वारा सार्वजनिक मंच से भूमिपूजन किए जाने के बाद इन परियोजनाओं के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ और क्षेत्रवासियों में विकास का सौगात मिला।
दोबारा भूमिपूजन कर श्रेय लेने की राजनीति क्यों?
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा आधिकारिक रूप से भूमिपूजन किए जाने के बाद भी धमतरी नगर निगम के महापौर द्वारा भूमिपूजन कर राजनीतिक वाहवाही लूटने का प्रयास किया जा रहा है। यह जनता के बीच भ्रम की स्थिति पैदा करने वाला कदम है। मुख्यमंत्री द्वारा भूमिपूजन किए जाने के बाद उसी कार्य का दोबारा भूमिपूजन कर श्रेय लेने की कोशिश मुख्यमंत्री के आधिकारिक कार्यक्रम और उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली प्रतीत होती है।
दोबारा भूमिपुजन करने वाले भाजपा नेता को जनता के सामने जवाब देना चाहिए
गोलछा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय नेताओं को यह स्पष्ट करना चाहिए कि जब मुख्यमंत्री स्वयं इन कार्यों का भूमिपूजन कर चुके हैं, तब दोबारा भूमिपूजन की आवश्यकता क्यों पड़ी। जनता के सामने विकास कार्यों की वास्तविकता रखने के बजाय श्रेय लेने की राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा नेताओं को बताना चाहिए कि वे मुख्यमंत्री के आधिकारिक कार्यक्रम को महत्व देते हैं या केवल राजनीतिक प्रचार में लगे हुए हैं।
जनता जानती है विकास कार्यों के पीछे किसका प्रयास
उन्होंने कहा कि धमतरी की जनता भली-भांति जानती है कि इन परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए विधायक ओंकार साहू ने लगातार प्रयास किए, शासन-प्रशासन के समक्ष क्षेत्र की जरूरतों को मजबूती से रखा और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इसलिए इन विकास कार्यों का वास्तविक श्रेय विधायक ओंकार साहू के प्रयासों और क्षेत्र की जनता की वर्षों पुरानी मांग को जाता है।
विकास की राजनीति बनाम श्रेय की राजनीति
आकाश गोलछा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी विकास कार्यों का हमेशा स्वागत करती है, लेकिन जनता को भ्रमित कर झूठा श्रेय लेने की राजनीति का विरोध भी करती है। धमतरी की जनता विकास चाहती है, दिखावटी राजनीति नहीं। जनता उन लोगों को पहचानती है जो विकास के लिए संघर्ष करते हैं और उन लोगों को भी जो तैयार कार्यों पर श्रेय लेने का प्रयास करते हैं।
