धमतरी में ब्रह्माकुमारीज के 90 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उठो जगत के वास्ते युवा संकल्प अभियान का शुभारंभ
परिवार मेरी शक्ति विषय पर युवाओं को दिया प्रेरणादायी संदेश

धमतरी। ब्रह्माकुमारीज संस्था के 90 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ब्रह्माकुमारीज के युवा प्रभाग द्वारा धमतरी में उठो जगत के वास्ते युवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय परिवार मेरी शक्ति रखा गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विश्व विजय सिंह तोमर अध्यक्ष, युवा आयोग छत्तीसगढ़ शासन उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता के रूप में माउंट आबू मुख्यालय से युवा प्रभाग के को-ऑर्डिनेटर जीतू भाई उपस्थित रहे। इंदौर से युवा प्रभाग की जोनल को-ऑर्डिनेटर ब्रह्माकुमारी छाया दीदी एवं धमतरी से ब्रह्माकुमारी सरिता दीदी का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। विशिष्ट अतिथि के रूप में रामू रोहरा, महापौर, सूरज सिंह परिहार, पुलिस अधीक्षक, दीपक लाखोटिया, संपादक प्रखर समाचार पत्र धमतरी एवं डीपेन्द्र साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ परमात्म स्मृति एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य वक्ता जीतू भाई जी ने परिवार मेरी शक्ति विषय पर प्रकाश डालते हुए कहा कि परिवार वह पावर बैंक है, जहां हम कहीं से भी घूम-फिरकर थककर आते हैं और घर में आने के बाद चैन की सांस लेते हैं, अपनी सारी थकान दूर करते हैं। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारीज का भी एक बहुत बड़ा आध्यात्मिक परिवार है। मुख्य अतिथि विश्व विजय सिंह तोमर ने अपने जोशपूर्ण उद्बोधन से युवाओं में नई ऊर्जा का संचार किया। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारीज संस्था आजादी के पूर्व स्थापित हुई थी और तब से लेकर आज तक राष्ट्र निर्माण के कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। संस्था का 90 वर्ष पूर्ण करना गौरव का विषय है। रामू रोहरा ने पुरानी यादों को साझा करते हुए कहा कि पहले एक साथ कई परिवार मिलकर रहते थे, लेकिन आज परिवार छोटे होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि परिवार को सशक्त बनाने के लिए ब्रह्माकुमारीज द्वारा किया जा रहा यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है।