Uncategorized

शाला प्रवेश उत्सव में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का भव्य स्वागत, महापौर रामू रोहरा ने बांटी पुस्तकें, ड्रेस,किया वृक्षारोपण

धमतरी- डॉ. शोभाराम देवांगन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, धमतरी में शाला प्रवेश उत्सव हर्ष, उल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आत्मीय स्वागत किया गया। उन्हें तिलक लगाकर, मुंह मीठा कराते हुए पुष्प भेंट किए गए तथा पाठ्य पुस्तकें एवं ड्रेस वितरित कर नए शैक्षणिक सत्र के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर रामू रोहरा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजू सोनकर (अध्यक्ष, शाला विकास समिति) ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में दीपक सोनकर (नेता प्रतिपक्ष, नगर निगम), हेमराज सोनी (सांसद प्रतिनिधि,शाला विकास समिति), शिव नेताम, बंशीलाल साहू, आजम मनिहार तथा प्राचार्य डी.पी. कोरसे उपस्थित रहे।नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत समारोह आयोजित हुआ, जिसमें बच्चों के चेहरे पर विद्यालय में प्रवेश की खुशी साफ झलक रही थी। रामू रोहरा ने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया तथा कहा कि शासन द्वारा संचालित विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं का लाभ लेकर विद्यार्थी अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। उन्होंने पालकों से भी बच्चों की शिक्षा में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। महापौर रामू रोहरा, अतिथियों एवं विद्यालय परिवार ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को पौधों की देखभाल करने और पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संकल्प भी दिलाया गया।शाला विकास समिति एवं विद्यालय प्रबंधन द्वारा विद्यालय परिसर में शेड निर्माण, अतिरिक्त शौचालय निर्माण तथा जर्जर प्रयोगशाला भवन के डिस्मेंटल की मांग महापौर के समक्ष रखी गई। महापौर श्री रामू रोहरा ने इन मांगों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक प्रक्रिया के तहत शीघ्र कार्यवाही कराने का आश्वासन दिया और विद्यालय के समग्र विकास हेतु हरसंभव सहयोग देने की बात कही। कार्यक्रम में कमलेश साहू, प्रदीप शर्मा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालकगण, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!