राजनीति आत्मप्रशंसा का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में स्थायी परिवर्तन लाने का सशक्त साधन है – अजय चन्द्राकर
श्री चन्द्राकर के जन्मदिन पर हुए विविध सेवाभावी कार्यक्रम

कुरुद। कुरूद विधायक अजय चंद्राकर का जन्म दिन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान विविध सेवाभावी व धार्मिक आयोजन हुए। नगर पंचायत भखारा में अजय फ्रेंड्स क्लब एवं भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जन्मोत्सव को विशेष रूप से मनाया गया। अटल चौक में भव्य पंडाल सजाकर कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां अजय चंद्राकर को तराजू में मोतीचूर के लड्डुओं से तौला गया। इसके बाद मंच पर केक काटकर जन्मदिन मनाया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण, वृक्षारोपण तथा स्वैच्छिक रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में नागरिकों एवं भाजपा महिला मोर्चा द्वारा उनका आत्मीय स्वागत-सत्कार किया गया। नगर पालिका परिषद कुरूद द्वारा स्थानीय सिविल अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल एवं बिस्किट वितरित किया। केनाल रोड स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम गार्डन में विधायक अजय चंद्राकर के जन्मोत्सव के अवसर पर 24 नारियल पौधों सहित पारिजात, दशमत पुष्प, चम्पा एवं दूध मोंगरा जैसे सुगंधित और पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण पौधों का रोपण किया गया। आध्यात्मिक वातावरण के बीच बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर में बोल बम सेवा समिति द्वारा विशेष पूजा-अर्चना एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि का वास्तविक मूल्यांकन उसके पद या प्रचार से नहीं, बल्कि उसकी कार्यगति, जनसमस्याओं के समाधान और समाज पर पड़े सकारात्मक प्रभाव से होता है। राजनीति आत्मप्रशंसा का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में स्थायी परिवर्तन लाने का सशक्त साधन है। कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू, उपाध्यक्ष सतीश जैन, सभापति सिंधु बैस, जिला पंचायत सभापति पूजा राजू सिन्हा, उपाध्यक्ष विष्णु साहू, नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर, विधायक प्रतिनिधि भानु चंद्राकर, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष धनेश्वरी निर्मलकर, भाजपा मंडल महामंत्री प्रभात बैंस, पार्षद सीतेश सिन्हा, कविता चंद्राकर, महेंद्र गायकवाड़, रवि प्रकाश मानिकपुरी, मिथलेश बैंस, राजुमकारी ध्रुव, भूपेंद्र चंद्राकर आदि उपस्थित रहे।
