26 जून से शुरू होगी पॉलिटेक्निक प्रवेश काउंसलिंग की द्वितीय चरण प्रक्रिया
धमतरी एवं कुरूद के शासकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों में विभिन्न डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु सीटें उपलब्ध
धमतरी- तकनीकी शिक्षा संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पॉलिटेक्निक डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन काउंसलिंग की द्वितीय चरण प्रक्रिया 26 जून 2026 से प्रारंभ की जाएगी। प्रथम चरण की काउंसलिंग पूर्ण होने के पश्चात धमतरी एवं कुरूद स्थित शासकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों में विभिन्न शाखाओं में सीटें उपलब्ध हैं। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समयावधि में ऑनलाइन पंजीयन एवं विकल्प चयन कर प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं।
भोपाल राव पवार शासकीय पॉलिटेक्निक, धमतरी के प्राचार्य श्री अमित मिश्रा ने बताया कि संस्थान वर्ष 1962 से तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण प्रदान कर रहा है। संस्थान के विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं। वर्तमान सत्र में लगभग 70 विद्यार्थियों का विभिन्न कंपनियों में चयन हुआ है। संस्थान में छात्र-छात्राओं के लिए छात्रावास, जिम, बैडमिंटन कोर्ट एवं कैंटीन सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध हैं।
उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के उपरांत भोपाल राव पवार शासकीय पॉलिटेक्निक, धमतरी में सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, कंप्यूटर साइंस तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों में प्रथम एवं द्वितीय वर्ष (लेटरल एंट्री) के लिए सीटें रिक्त हैं। इसी प्रकार शासकीय पॉलिटेक्निक, कुरूद में सीमेंट टेक्नोलॉजी, बायोमेडिकल एंड इंस्ट्रूमेंटेशन, माइनिंग एंड माइन सर्वेइंग तथा कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश के अवसर उपलब्ध हैं।
द्वितीय चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग 26 जून से 30 जून 2026 तक आयोजित की जाएगी, जबकि संस्थान स्तरीय काउंसलिंग 11 जुलाई से 16 जुलाई 2026 तक संपन्न होगी।
प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का 10वीं कक्षा उत्तीर्ण होना तथा पीपीटी परीक्षा में सम्मिलित होना आवश्यक है। वहीं द्वितीय वर्ष (लेटरल एंट्री) में प्रवेश हेतु 12वीं कक्षा गणित विषय सहित उत्तीर्ण अथवा संबंधित ट्रेड में दो वर्षीय आईटीआई उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए संस्थानों में निःशुल्क सहायता एवं मार्गदर्शन केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां ऑनलाइन पंजीयन, विकल्प चयन तथा प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
संस्थान द्वारा पात्र अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि के भीतर काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग लेकर तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार के बेहतर अवसरों का लाभ उठाएं। प्रवेश संबंधी विस्तृत जानकारी तकनीकी शिक्षा संचालनालय, छत्तीसगढ़ की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
