Uncategorized

दूरस्थ वनांचल बोराई तक पहुंचीं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं, विशेष चिकित्सा शिविर में 243 ग्रामीणों ने लिया उपचार का लाभ

31 स्कूली बालिकाओं का हुआ एचपीवी टीकाकरण, राज्य शासन एवं जिला प्रशासन की पहल से सुदृढ़ हो रही ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाएं

धमतरी- राज्य शासन की मंशानुरूप जिले के अंतिम छोर तक गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), जिला धमतरी के संयुक्त तत्वावधान में आज नगरी विकासखंड के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र स्थित सिविल अस्पताल बोराई में एक दिवसीय विशेष चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं उपचार की सुविधा प्राप्त की।दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों में निवासरत नागरिकों को उनके नजदीक विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने तथा बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सेवाएं प्रदान कीं। मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. सुधीर चटर्जी, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. वर्षा जैन, जनरल सर्जन डॉ. विभोर नंदा, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. आशीष खालसा, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. आशीष अग्रवाल तथा अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. संगम लुनकड़ ने मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया।
शिविर में कुल 243 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इनमें 47 स्त्री रोग, 35 नेत्र रोग, 41 मेडिसिन, 51 जनरल सर्जरी, 39 शिशु रोग तथा 21 अस्थि रोग से संबंधित मरीज शामिल रहे। सभी मरीजों को आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक जांच की सुविधा तथा उपलब्धता के अनुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। गंभीर प्रकृति के मरीजों को आगे के उपचार के लिए उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर करने की भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई।शिविर के दौरान जनस्वास्थ्य की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए 31 स्कूली बालिकाओं को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) का टीका लगाया गया। यह टीकाकरण गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर की रोकथाम की दिशा में प्रभावी कदम है। इस अवसर पर छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को टीकाकरण के महत्व, किशोरियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं कैंसर से बचाव के उपायों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।
जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य शासन की प्राथमिकता के अनुरूप विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर, नियमित स्वास्थ्य जांच, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण अभियान तथा आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही जिला प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य अमले की नियमित उपस्थिति, समयबद्ध सेवाएं तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता पर सतत निगरानी रखी जा रही है, ताकि अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समय पर पहुंच सके। ऐसे विशेष चिकित्सा शिविर दूरस्थ अंचलों के नागरिकों के लिए न केवल विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध करा रहे हैं, बल्कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जनविश्वास को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!