रथयात्रा से पहले सुधरेगी जगदीश मंदिर-बिलाई माता मार्ग की दशा
समाजसेवी महेंद्र खंडेलवाल की पहल पर पीडब्ल्यूडी सभापति विजय मोटवानी ने कहा- सोमवार से शुरू होगा मरम्मत कार्य

धमतरी। भगवान जगन्नाथ की आगामी रथयात्रा को लेकर शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी बीच जगदीश मंदिर से बिलाई माता मंदिर तक जाने वाले मार्ग की जर्जर स्थिति और जगह-जगह बने गड्ढों को लेकर समाजसेवी महेंद्र खंडेलवाल ने नगर निगम के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के सभापति विजय मोटवानी से दूरभाष पर चर्चा कर शीघ्र मरम्मत की मांग की। महेंद्र खंडेलवाल ने बताया कि रथयात्रा के दौरान हजारों श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचते हैं। ऐसे में सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण रथ को नुकसान पहुंचने की आशंका के साथ-साथ श्रद्धालुओं को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि समय रहते सड़क की मरम्मत आवश्यक है ताकि रथयात्रा सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संपन्न हो सके। इस पर पीडब्ल्यूडी सभापति विजय मोटवानी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आश्वस्त किया कि सोमवार से सड़क मरम्मत का कार्य प्रारंभ कर रथयात्रा से पूर्व सभी गड्ढों को भर दिया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और रथयात्रा का आयोजन पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ संपन्न हो सके। विजय मोटवानी के आश्वासन पर महेंद्र खंडेलवाल ने उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर निगम द्वारा समय पर सड़क की मरम्मत कराए जाने से रथयात्रा में शामिल श्रद्धालुओं और रथ को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।