डायल-112 नेक्स्ट जेनरेशन प्रणाली को सशक्त बनाने धमतरी में तीन जिलों का संयुक्त दो दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न

पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार संचालित डायल-112 फेस-2 (नेक्स्ट जनरेशन ) परियोजना के प्रभावी, त्वरित एवं तकनीक आधारित संचालन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में कम्पोजिट बिल्डिंग,धमतरी में तीन जिलों – धमतरी, गरियाबंद एवं बालोद – का संयुक्त दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य डायल-112 से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नवीन तकनीकों के संचालन में दक्ष बनाकर आपातकालीन पुलिस सेवा की गुणवत्ता, गति एवं विश्वसनीयता को और अधिक सशक्त करना था।
उल्लेखनीय है कि डायल-112 फेस-2 योजना के अंतर्गत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्व में मुख्यालय स्तर एवं ऑनलाइन माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है, किन्तु नवीन जिलों में पदस्थ कार्मिकों को कैड , मोबाइल पी टी टी , कैमरा सहित अन्य आधुनिक तकनीकी उपकरणों के संचालन एवं व्यवहारिक उपयोग में आने वाली चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए यह विशेष हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण आयोजित किया गया। सी-डैक के मास्टर ट्रेनरों ने जिला कमांड सेंटर में इवेंट मॉनिटरिंग, इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल में स्थापित तकनीकी संसाधनों के संचालन, रियल-टाइम समन्वय एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया की संपूर्ण प्रक्रिया का व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में डायल-112 के नोडल अधिकारी, उप पुलिस अधीक्षक, रक्षित निरीक्षक, डीसीसी प्रभारी एवं स्टाफ, ईआरव्ही स्टाफ, हाईवे पेट्रोलिंग स्टाफ तथा थाना स्टाफ सहित लगभग 150 अधिकारी एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न तकनीकी उपकरणों के संचालन के साथ-साथ वास्तविक परिस्थितियों पर आधारित अभ्यास भी कराया गया, जिससे वे आपातकालीन घटनाओं में त्वरित निर्णय, बेहतर समन्वय एवं प्रभावी रिस्पॉन्स देने में और अधिक सक्षम बन सकें। यह प्रशिक्षण डायल-112 सेवा को तकनीकी रूप से और अधिक सुदृढ़ एवं नागरिकों के प्रति उत्तरदायी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।
कार्यशाला में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, डीएसपी यशकरण दीप ध्रुव, डीएसपी सुश्री मीना साहू, रक्षित निरीक्षक धमतरी दीपक शर्मा,रक्षित निरीक्षक बलोद,श्रीमती रेवती वर्मा,एवं गरियाबंद से रक्षित निरीक्षक,सी-डैक के नेटवर्क प्रोग्रामर संकल्प केडिया तथा मास्टर ट्रेनर गोविन्दा कंवर, त्रिदेव यादव एवं धरम यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रशिक्षण में धमतरी, गरियाबंद एवं बालोद जिले के डायल-112 से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता कर आधुनिक तकनीकी प्रणाली के संचालन की व्यवहारिक जानकारी प्राप्त की। यह संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम भविष्य में डायल-112 की कार्यक्षमता को और अधिक सुदृढ़ करते हुए आमजन को त्वरित, पारदर्शी, तकनीक-सक्षम एवं गुणवत्तापूर्ण आपातकालीन पुलिस सेवा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।