बिजली उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए लगाए जा रहे वार्डवार शिविरों का आयुक्त अरुण कुमार वर्मा ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

धमतरी- शहर के बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 15 से 31 जुलाई तक नगर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित किए जा रहे वार्डवार शिकायत निवारण एवं पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना शिविरों का आयोजन बुधवार को हटकेशर बाजार पारा में हटकेशर वार्ड, शीतलापारा वार्ड, लालबगिचा वार्ड, सुभाष नगर वार्ड एवं सुंदरगंज वार्ड का शिविर का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त अरुण कुमार वर्मा ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आम नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए।आयुक्त अरूण कुमार वर्मा ने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य बिजली उपभोक्ताओं को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से निराकरण किया जाए तथा प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की विस्तृत जानकारी देकर अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना से जोड़ा जाए।शिविरों में उपभोक्ताओं को बिजली बिल से संबंधित त्रुटियों का सुधार, गलत मीटर रीडिंग एवं अधिक बिल की शिकायतों का निराकरण, नाम एवं उपभोक्ता विवरण में संशोधन, बकाया राशि की जानकारी, किस्त सुविधा, नए एवं लंबित प्रकरणों की जानकारी तथा अन्य विद्युत सेवाओं से संबंधित समस्याओं का मौके पर समाधान उपलब्ध कराया जा रहा है।
अपने वार्ड के निर्धारित शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का मौके पर समाधान कराएं- आयुक्त अरुण कुमार वर्मा
आयुक्त अरुण कुमार वर्मा ने शहर के सभी बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने वार्ड के निर्धारित शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का मौके पर समाधान कराएं तथा प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाने के लिए आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्राप्त करें। इन शिविरों के माध्यम से उपभोक्ताओं को त्वरित, सरल एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
