ग्राम देवपुर को जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने किया पानी टैंकर समर्पित
स्वच्छ पेयजल प्रत्येक नागरिक का अधिकार है - अरुण

धमतरी। जिले के वनांचल क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत देवपुर में शनिवार को गांव को पहला पानी टैंकर समर्पित किया गया। लंबे समय से ग्रामीणों द्वारा की जा रही मांग पूरी होने पर गांव में खुशी का माहौल देखने को मिला। जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने टैंकर का लोकार्पण करते हुए इसे ग्रामीणों को समर्पित किया। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए अरुण सार्वा ने कहा कि वे जनता के सेवक हैं और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना ही उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और यह पानी टैंकर गांव में होने वाले सार्वजनिक कार्यक्रमों, सामाजिक आयोजनों तथा जरूरतमंद परिवारों के लिए समय पर जल उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे ग्रामीणों की पानी संबंधी समस्याओं में काफी हद तक राहत मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने गांव के स्कूल में बाउंड्री वॉल निर्माण और सीसी रोड बनाए जाने की मांग भी रखी। इस पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध प्रावधानों के अनुसार देवपुर में भी विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच आत्माराम नेताम ने की। इस अवसर पर उपसरपंच अनिल राय, भाजपा मंडल महामंत्री रूपेंद्र साहू, मीडिया प्रभारी रामगोपाल साहू, पूर्व सरपंच आरती ध्रुव, पूर्व उपसरपंच नीलम साहू, सचिव संतोष ध्रुव, ग्रामीण अध्यक्ष खेमेंद्र साहू, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष चित्रांश नागवंशी, भीतररास के उपसरपंच सुनील यादव आदि उपस्थित रहे।


