शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा भाजपा सरकार की नाकामी का प्रतीक है – खिलेन्द्र ध्रुव
केन्द्रीय शिक्षा मंत्री के त्यागपत्र और छात्रों की जीत पर कांग्रेस ने रावां में की आतिशबाजी

धमतरी। देश के छात्रों और युवाओं के हितों से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष को मिली सफलता पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी धमतरी ग्रामीण द्वारा ग्राम रावा में आतिशबाजी कर खुशी मनाई गई। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी धमतरी ग्रामीण के अध्यक्ष खिलेंद्र ध्रुव ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा केवल एक मंत्री का इस्तीफा नहीं, बल्कि देश की शिक्षा व्यवस्था को संभालने में केंद्र की भाजपा सरकार की नाकामी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आई अनियमितताएं और करोड़ों छात्रों के भविष्य के साथ हुए खिलवाड़ ने भाजपा सरकार की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार समय रहते दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करती और छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुनती, तो लाखों विद्यार्थियों को सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने की आवश्यकता नहीं पड़ती। धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा इस बात का प्रमाण है कि भाजपा सरकार शिक्षा व्यवस्था को निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाए रखने में विफल रही। इस अवसर पर नीलमणि साहू , धर्मेंद्र पटेल, योगेश मार्कण्डे जनपद सदस्य, बंटी मरकाम, कविता साहू नगर अध्यक्ष आमदी, मोहन जांगड़े, एमन साहू आमदी, रघुवीर रामटेके, खिलेन्द साहू, ओंकार सोनवानी, चन्द्रहास साहू, योगेश्वर साहू, लेखराम साहू, तेजराम सिन्हा, रंजीत साहू, नरसिंह साहू, अनिता ठाकुर, ललिता पटेल आदि उपस्थित रहे।



