स्कूलों के पास संचालित शराब दुकानों को हटाने की मांग को लेकर शिवा प्रधान ने वित्त मंत्री को सौंपा ज्ञापन

धमतरी। वरदान परामर्श सेवा समिति, धमतरी के अध्यक्ष शिवा प्रधान ने छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के नाम ज्ञापन सौंपकर राष्ट्रीय राजमार्ग (सोरिद-सिहावा) तथा रुद्री रोड स्थित विद्यालयों के समीप संचालित शराब दुकानों को तत्काल हटाने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग से लगी शराब दुकान और रुद्री रोड स्थित स्कूल के पास संचालित शराब दुकान के कारण आए दिन नशे की हालत में वाहन चलाने की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। इससे आम नागरिकों, विद्यार्थियों, महिलाओं और राहगीरों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि विद्यालय के समीप शराब दुकान होने से बच्चों के मानसिक एवं सामाजिक वातावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। स्कूल आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को असुरक्षा का सामना करना पड़ता है। वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित शराब दुकान से शराब खरीदकर नशे की हालत में वाहन चलाने की वजह से दुर्घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। समिति ने सरकार से मांग की है कि राष्ट्रीय राजमार्ग से लगी शराब दुकान को तत्काल किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए तथा रुद्री रोड स्थित विद्यालय के समीप संचालित शराब दुकान को हटाया जाए। साथ ही स्कूलों, अस्पतालों और धार्मिक स्थलों के आसपास शराब दुकानों के संचालन पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमित जांच एवं सघन अभियान चलाने की भी मांग की गई है।
