बच्चों को एलबेन्डाजोल की गोली खिलाकर महापौर रामू रोहरा ने किया राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ
महापौर ने राष्ट्रीय कृमि मुक्ति रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाव के प्रति किया जागरूक

धमतरी- जिले में बच्चों को कृमि संक्रमण से मुक्त करने तथा उनके बेहतर स्वास्थ्य एवं समुचित शारीरिक-मानसिक विकास को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ शहरी स्वास्थ्य केंद्र, इतवारी बाजार में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर रामू रोहरा रहे। इस अवसर पर सीएचएमओ डॉ. यू.के. कौशिक एवं जिला पंचायत सभापति श्रीमती मोनिका देवांगन सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा बच्चों को एलबेन्डाजोल की कृमिनाशक गोली खिलाकर किया गया। इसके साथ ही महापौर श्री रामू रोहरा ने राष्ट्रीय कृमि मुक्ति रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले में लोगों को कृमि संक्रमण से बचाव, उपचार एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का कार्य करेगा।
इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने कहा कि कृमि संक्रमण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। इसके कारण बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में बाधा उत्पन्न हो सकती है तथा कुपोषण, खून की कमी और लगातार थकान जैसी समस्याएं सामने आती हैं। उन्होंने कहा कि समय पर डीवार्मिंग की दवा लेने से कृमि संक्रमण से बचाव किया जा सकता है। महापौर ने चिकित्सा विभाग, शिक्षा विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों से अपील की कि विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार कृमिनाशक दवा खिलाकर इस अभियान का लाभ प्रत्येक बच्चे तक पहुंचाया जाए।
जिला पंचायत सभापति श्रीमती मोनिका देवांगन ने कहा कि स्वस्थ बच्चे ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव हैं। बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने के लिए अभिभावकों, शिक्षकों एवं समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक होकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने सभी से अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की।
सीएचएमओ डॉ. यू.के. कौशिक ने कृमि संक्रमण से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए कहा कि बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नियमित रूप से साबुन से हाथ धोने, साफ-सफाई रखने तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित भोजन-पानी का सेवन करने की आदत विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपने आसपास के बच्चों एवं परिवारों को भी कृमि संक्रमण से बचाव के संबंध में जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में महापौर रामू रोहरा ने राष्ट्रीय कृमि मुक्ति रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं अन्य उपस्थितजनों ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग का संकल्प लिया।