Uncategorized

भखारा के शासकीय आईटीआई परिसर में आकार ले रहा ऑपरेशन सिंदूर उद्यान

हरियाली से बढ़ी परिसर की खूबसूरती, औषधीय एवं फलदार पौधों से पर्यावरण संरक्षण को मिल रहा बढ़ावा

धमतरी- शासकीय आईटीआई परिसर भखारा में पर्यावरण वानिकी मद से लगभग 31 लाख रुपए की लागत से विकसित किया गया ‘ऑपरेशन सिंदूर उद्यान’ अब अपने स्वरूप में निखरने लगा है। उद्यान में लगाए गए विभिन्न प्रजातियों के पौधे धीरे-धीरे बढ़ रहे हैं और परिसर में हरियाली की सुंदर छटा दिखाई देने लगी है। कभी अपेक्षाकृत खाली नजर आने वाला परिसर अब हरे-भरे वातावरण और व्यवस्थित पौधरोपण के कारण आकर्षण का केंद्र बन रहा है।
इस उद्यान का निर्माण पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र के विस्तार तथा नागरिकों और विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं प्राकृतिक वातावरण उपलब्ध कराने की दृष्टि से किया गया है। उद्यान में औषधीय, फलदार एवं छायादार प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं। इनके विकसित होने के साथ ही परिसर में न केवल हरियाली बढ़ रही है, बल्कि भविष्य में यह स्थान विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों के लिए प्रकृति के निकट समय बिताने तथा पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का उपयोगी स्थल भी बनेगा।
उल्लेखनीय है कि शासकीय आईटीआई भखारा परिसर में लगभग 31 लाख रुपए की लागत से निर्मित ‘ऑपरेशन सिंदूर उद्यान’ का लोकार्पण विगत अप्रैल माह में क्षेत्रीय विधायक श्री अजय चंद्राकर द्वारा किया गया था। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत लाइवलीहुड (भखारा-भठेली) केंद्र का उद्घाटन भी किया गया तथा युवाओं को प्रशिक्षण किट प्रदान की गई। इन पहलों के माध्यम से क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ युवाओं के कौशल विकास, रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसरों को भी बढ़ावा देने का प्रयास किया गया है।
वर्तमान में उद्यान में पौधों की बढ़ती हरियाली और विकसित होता स्वरूप इस पहल के सकारात्मक परिणामों को दर्शा रहा है। आने वाले समय में पेड़-पौधों के और विकसित होने के साथ यह उद्यान भखारा क्षेत्र के लिए एक सुंदर हरित स्थल के रूप में अपनी पहचान बनाएगा। पर्यावरण संरक्षण और कौशल विकास को एक ही परिसर में बढ़ावा देने वाली यह पहल विकास के साथ प्रकृति के संतुलन का सार्थक उदाहरण बन रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!