भखारा मार्ग पर सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों के आवागमन पर रहेगा प्रतिबंध
सड़क सुरक्षा के मद्देनजर धमतरी-भखारा मार्ग पर यातायात व्यवस्था में बदलाव

धमतरी। जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आम नागरिकों की सुरक्षित एवं सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से धमतरी से भखारा होकर जाने वाले भारी वाहनों के आवागमन का समय निर्धारित किया गया है। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार सुबह 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक भारी वाहनों का इस मार्ग पर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इस व्यवस्था के तहत धमतरी से भखारा होकर रायपुर तथा रायपुर से भखारा, धमतरी होकर अन्य स्थानों एवं शहरों की ओर जाने वाले भारी वाहनों को निर्धारित समयावधि में भखारा मार्ग का उपयोग नहीं करना होगा। ऐसे भारी वाहन अपने गंतव्य तक आवागमन के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) का उपयोग करेंगे। इससे भखारा मार्ग पर यातायात का दबाव कम होने के साथ स्थानीय नागरिकों एवं छोटे वाहनों के लिए आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम होगा। बीते दिनों कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिले में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा आमजन की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपायों पर चर्चा की गई थी। बैठक में कलेक्टर ने जिला परिवहन अधिकारी को भारी वाहनों के आवागमन को नियंत्रित करने तथा वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को इसकी जानकारी देने के लिए प्रमुख स्थानों पर स्पष्ट साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए थे। कलेक्टर के निर्देशों के परिपालन में जिला परिवहन विभाग द्वारा अर्जुनी मोड़ (भखारा), खपरी उत्तर (बस्ती) और अटल चौक पर निर्धारित यातायात व्यवस्था से संबंधित साइन बोर्ड स्थापित कर दिए गए हैं। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है।