रक्षाबंधन पर ब्रह्माकुमारीज का मीडिया स्नेह मिलन 25 अगस्त को

धमतरी। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, धमतरी द्वारा मीडिया प्रतिनिधियों के लिए रक्षाबंधन मीडिया स्नेह मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम 25 अगस्त मंगलवार को प्रात: 10:30 बजे से शिव सरोवर, वंदना विहार कॉलोनी, रत्नाबांधा रोड, धमतरी में आयोजित होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य रक्षाबंधन के आध्यात्मिक एवं सामाजिक संदेश को मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाना है। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी बहनों द्वारा मीडिया प्रतिनिधियों को स्नेह, शुभभावना एवं सकारात्मकता के प्रतीक के रूप में राखी बांधी जाएगी। कार्यक्रम में राखी का पवित्र बंधन—स्नेह, सम्मान और शुभ संकल्प का बंधन विषय के माध्यम से रक्षाबंधन के वास्तविक आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला जाएगा। साथ ही समाज में सकारात्मकता, शांति, प्रेम और शुभ संकल्पों को बढ़ावा देने का संदेश साझा किया जाएगा। ब्रह्माकुमारी सरिता ने बताया कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि पवित्रता, आत्म-सम्मान, शुभ संकल्प और सामाजिक जिम्मेदारी का स्मरण कराने वाला पर्व भी है।


